एशिया कप : नेपाल को मात देकर भारत सुपर-4 में
रोहित शर्मा (74) और शुभमन गिल (67) की पारियों से टीम इंडिया ने नेपाल को डक वर्थ लुईस नियम की बदौलत 10 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने सुपर-4 में जगह बनाई।
गिल ने अपने वनडे करियर का सातवां अर्धशतक जड़ा। अपनी इस पारी के दौरान गिल ने 1,500 रन भी पूरे किए है। इस मैच में 53 रन बनाते ही गिल ने ये रिकॉर्ड बनाया था। गिल ने 31 जनवरी, 2019 को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में वनडे डेब्यू किया था।

उन्होंने नेपाल के खिलाफ मैच से पहले तक 28 वनडे खेले थे। इस दौरान उन्होंने 60.29 की औसत और 102.40 की स्ट्राइक रेट से 1,447 रन बनाए थे।
पल्लेकल में हुए मैच में बारिश के खलल के बाद भारत को जीत के लिए 23 ओवर में 145 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे भारत ने बिना विकेट गिरे हासिल कर लिया।
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने आसिफ शेख (58) और सोमपाल कामी (48) की पारियों से 48.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 230 रन बनाए। भारत से जडेजा और सिराज ने 3-3 विकेट झटके।
जवाब में जब भारत ने 2.1 ओवर में बिना कोई विकेट गिरे 17 रन बना लिए थे, तब बारिश से खेल रोका गया। इसके बाद जीत के लिए मिले 145 रन के टारगेट को भारत ने आसानी से हासिल किया।
नेपाल की तरफ से पारी का आगाज करने आए आसिफ ने अपने वनडे करियर का 10वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 97 गेंदों पर 8 चौकों से 58 रन बनाए। मोहम्मद सिराज ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया।
उनके अब 43 वनडे मैचों में 31.25 की औसत और 76.55 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,250 रन बनाए है। इस बीच उन्होंने 1 शतक भी जड़ा है।
38 रन बनाने वाले भुरटेल ने अपने वनडे करियर के 1,000 रन पूरे किए है। वह नेपाल की तरफ से ये आंकड़ा छूने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बने हैं। उनके अब 46 वनडे मैचों में 81.19 की स्ट्राइक रेट से 1,032 रन हो गए है। वह अपने वनडे करियर में 6 अर्धशतक और 1 शतक जड़ा चुके है।
भुरटेल से पहले नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल और सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख वनडे में 1,000 से अधिक रन बना चुके है। जडेजा ने अपने 10 ओवर में 40 रन देते हुए 3 विकेट झटके। इसके साथ ही वह एशिया कप में संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने।
जडेजा ने भीम शर्की (7), कप्तान रोहित पौडेल (5) और कुशल मल्ला (2) के विकेट चटकाए। जडेजा के 16 मैचों में 24.77 की औसत के साथ 22 विकेट हो गए है। उन्होंने इरफान पठान की बराबरी (22 विकेट) की है।