Trending

यूपी टी-20 : हरदीप के छक्के ने लखनऊ फाल्कन्स को दिलाई जीत


कृतज्ञ सिंह व हरदीप सिंह की अंतिम ओवरों में शानदार बल्लेबाजी से यूपी टी-20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स ने काशी पर पांच विकेट से जीत हासिल की। इस टूर्नामेंट में लखनऊ की ये तीसरी जीत है।

12 रन देकर तीन विकेट लेने वाले लखनऊ फाल्कन्स के कार्तिकेय जायसवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। ग्रीन पार्क स्टेडियम हो रहे इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

तीन मैचों में काशी की ये दूसरी हार है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने आई काशी टीम 18.4 ओवर में 122 रन पर ढेर हो गई। जवाब में लखनऊ ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 125 रन बनाकर मैच जीता।

UP T20 League @t20uttarpradesh

पहले बल्लेबाजी करने आई काशी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लखनऊ के तेज गेंदबाज यश दयाल ने पारी के तीसरे ही ओवर में प्रियांशु पाण्डेय और शिवम बंसल को आउट कर करारा झटका दिया।

शिवम रन नहीं बना सके। कप्तान करन शर्मा और प्रिंस यादव ने संभलकर खेलते हुए टीम का स्कोर पचास के पार पहुंचाया।69 रन से स्कोर पर करन 31 रन बनाकर कार्तिकेय जायसवाल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

कार्तिकेय ने इसी ओवर में प्रिंस यादव (22 रन) को भी पवेलियन की राह दिखाकर काशी को चौथा झटका दिया। स्कोर में तीन रन का ही इजाफा हुआ था कि विपराज निगम ने अंकुर मलिक को आउट कर दिया। अंकुर रन नहीं बना सके।

पर्व सिंह एक रन बनाकर कार्तिकेय का शिकार हुए। 76 रन पर छह विकेट गिरने के बाद अभिषेक यादव और बॉबी यादव ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

16वां ओवर फेंकने उतरे विक्रांत चौधरी ने अभिषेक (23 रन) और बॉबी (10 रन) दोनों को अपना शिकार बनाया। नदीम ने मो. शारिम (0) और अटल बिहारी राय (1 रन) को आउट कर काशी की पारी का अंत 18.4 ओवर में 122 रन पर किया।

लखनऊ की ओर से कार्तिकेय जायसवाल ने 12 रन देकर तीन विकेट झटके। यश दयाल, विक्रांत चौधरी और नदीम ने दो-दो विकेट लिया। विपराज निगम को एक सफलता मिली।

जवाब में बल्लेबाजी करने आई लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के खाते में अभी 14 रन ही जुड़े थे कि अटल बिहारी राय ने हर्ष त्यागी को दस रन के स्कोर पर कॉट एंड बोल्ड कर दिया।

अगली गेंद पर अटल ने लखनऊ के कैप्टन प्रियम गर्ग को आउट कर दिया। प्रियम रन नहीं बना सके। अगला ओवर फेंकने आए अटल ने फिर लखनऊ को तीसरा झटका दिया और ओपनर आंजनेय सूर्यवंशी को एलबीडब्ल्यू किया। आंजनेय 10 रन बना सके।

शौर्या सिंह व आराध्य यादव ने टीम को संभाला और स्कोर 71 रन पहुंचाया। 23 रन पर शौर्य सिंह को शिवा सिंह ने आउट किया। 85 रन पर आराध्य यादव रन आउट हो गए। आराध्य ने 29 रन बनाए।

इसके बाद कृतज्ञ सिंह व हरदीप सिंह ने टीम को जीत के लिए आगे बढ़ाया। कृतज्ञ ने 21 गेंद पर 25 रन की नाबाद और हरदीप सिंह ने 11 गेंद पर 20 रन की नाबाद पारी खेली।

हरदीप ने छक्का जड़कर लखनऊ को जीत दिलाई। काशी की तरफ से अटल बिहारी राय ने तीन और शिवा सिंह ने एक विकेट लिया।