Trending

काउंटी क्रिकेट में खेलेंगे चहल, वर्ल्ड कप स्क्वाड में जगह नहीं मिलने के बाद लिया फैसला

नई दिल्ली: एशिया कप के बीच बीसीसीआई ने टीम इंडिया वर्ल्ड कप स्क्वाड का ऐलान किया है। 5 सितंबर को कप्तान रोहित शर्मा और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वर्ल्ड कप में खेलने वाले 15 प्लेयर्स का खुलासा किया था।

एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय चयनकर्ताओं द्वारा आगामी वनडे विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम से बाहर किए जाने के बाद, लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल काउंटी क्रिकेट में केंट के लिए खेलेंगे।

यह स्क्वाड लगभग एशिया कप के स्क्वाड की तरह ही था। इस टीम में युवा तिलक वर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा नहीं थे। अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का एक बार फिर टीम से पत्ता कट गया।

उनको वर्ल्ड कप टीम में नहीं शामिल किया गया। चहल की जगह उनके दोस्त कुलदीप यादव को प्राथमिकता दी गई। अब वर्ल्ड कप टीम में ना सिलेक्ट होने के बाद चहल पहली बार काउंटी क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे।

बीसीसीआई सूत्रों ने कहा ‘केंट काउंटी क्रिकेट क्लब इसके बारे में जल्द ही एक आधिकारिक घोषणा करेगा। चहल उनके लिए तीन चार वनडे मैच खेलेंगे।

बीसीसीआई ने उन्हें काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए एनओसी दी है। यदि टीम इंडिया को उनकी आवश्यकता हुई, तो चहल तुरंत राष्ट्रीय टीम में शामिल हो जाएंगे।

चहल ने 2023 में 2 वनडे खेले है और उन्होंने 3 विकेट लिए है। 33 वर्षीय ने 72 वनडे में 121 और 80 टी20 में 96 विकेट लिए है। एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए, चहल ने कहा कि वह उम्मीद करते है कि उन्हें भारतीय टीम में वापसी में बहुत लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

चहल ने कहा, ‘स्वाभाविक रूप से, भारत के लिए किसी भी चयन से चूकना बहुत निराशाजनक है। एक क्रिकेटर के रूप में हमें यह स्वीकार करना चाहिए कि कुछ चीजें हमेशा हमारे हक में नहीं रहती है। मुझे अपनी पूरी कोशिश करनी चाहिए और उम्मीद है कि मेरा प्रदर्शन भारत के लिए फिर से मेरे चयन को जस्टिफाई करेगा।