Trending

यूएस ओपन : जोकोविच सहित बोपन्ना-एबडन भी अंतिम चार में

यूएस ओपन के सेमीफाइनल में सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने एंट्री ली है। यह ग्रैंड स्लैम के इतिहास में 47वां मौका है जब इस दिग्गज खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

दूसरी वरीय जोकोविच का सेमीफाइनल में एक अन्य अमेरिकी बेन शेल्टन से सामना होगा, जिन्होंने अंतिम-8 में अपने ही साथी 10वीं वरीय फ्रांसेस टियाफो को चार सेटों में 6-2, 3-6, 7-6 (7), 6-2 से हराया।

उन्होंने मंगलवार की रात क्वार्टर फाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी नौवीं वरीय टेलर फ्रिट्ज को 6-1, 6-4, 6-4 से हराया। जोकोविच ने रोजर फेडरर को ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचने के मामले में पीछे छोड़ दिया। फ्रिट्ज उन्हें कोई चुनौती पेश नहीं कर सके।

शेल्टन और टियाफो के बीच हुआ क्वार्टर फाइनल ऐतिहासिक रहा। 1968 में ओपन दौर शुरू होने के बाद अमेरिकी ओपन में यह पहला अवसर था जब दो अफ्रीकन-अमेरिकी खिलाड़ी आपस में क्वार्टर फाइनल में खेल रहे थे।

2005 के बाद यह ऐसा पहला क्वार्टर फाइनल था जब दो अमेरिकी आपस में खेल रहे थे। 2003 में एंडी रॉडिक ने अमेरिकी ओपन जीता था। तब से किसी पुरुष अमेरिकी ने अपने घरेलू ग्रैंड स्लैम को नहीं जीता है।

अमेरिका की 19 वर्षीय टीन एजर कोको गॉफ ने पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। उन्होंने लाटविया की जेलेना ओस्टापेंको को 6-0, 6-2 से हराया।

ओस्टापेंको ने हार का ठीकरा टूर्नामेंट के खराब कार्यक्रम निर्धारण पर फोड़ा। ओस्टापेंको ने बोला कि, उन्हें बताया कि उनका क्वार्टर फाइनल मंगलवार की शाम को है। उन्होंने ईगा स्वियातेक के खिलाफ सोमवार को देर रात अपना मैच खत्म किया था, मंगलवार को उनका सबसे पहला मैच रख दिया गया।

गॉफ सेमीफाइनल में चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा से भिड़ेंगी। उन्होंने अंतिम-8 में रोमानिया की सोराना किरस्टिया को सीधे गेमों में 6-0, 6-3 से हराया। मुचोवा इस साल फ्रेंच ओपन के फाइनल में भी पहुंची थीं।

भारत के रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडन ने लगातार दूसरे ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जोड़ी ने सात सेट प्वाइंट बचाते हुए अमेरिका नथानियल लैमंस और जैक्सन वीथ्रो को 7-6 (10), 6-1 से हराया।

बोपन्ना और एबडन इससे विंबलडन के सेमीफाइनल में भी पहुंचे थे, जहां उन्हें वेस्ली कूलहाफ और नील स्कूप्स्की के हाथों पराजय मिली थी।

बोपन्ना पुरुष युगल में एक ही ग्रैंड स्लैम का फाइनल खेले है और यह 2010 का अमेरिकी ओपन था। छठी वरीय भारतीय-ऑस्ट्रेलिया जोड़ी सेमीफाइनल में फ्रांस के पियरे ह्यूज हरबर्ट और निकोलस माहुत से भिड़ेगी।