Trending

इस वजह से डायमंड लीग फाइनल में नहीं खेलेंगे भारतीय लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर

एशियाई खेल पर अपना ध्यान केंद्रित करने के लिए भारतीय लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने यूएसए के यूजीन में 16 और 17 सितंबर को आयोजित होने वाली आगामी डायमंड लीग एथलेटिक्स टूर्नामेंट के फाइनल से अपना नाम वापस ले लिया है।

लॉन्ग जम्प में 8.41 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड रखने वाले मुरली श्रीशंकर ने ज्यूरिख चरण से पहले पेरिस और लुसाने चरण में क्रमश: तीसरा और पांचवां स्थान हासिल किया था।

डायमंड लीग के प्रत्येक चरण में एथलीटों को उनकी अंतिम स्थिति के आधार पर क्वालीफाइंग अंक मिलते है। सभी चरणों के बाद, शीर्ष छह एथलीट सीज़न के अंत में होने वाले फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की करते है।

मुरली श्रीशंकर डायमंड लीग के फाइनल में क्वालीफाई करने वाले पहले लॉन्ग जंपर एथलीट है। ज्यूरिख डायमंड लीग में 7.99 मीटर की छलांग लगाकर 5वां स्थान हासिल करने वाले श्रीशंकर ने अविनाश साबले (3000 मी) और ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा (भाला फेंक) के साथ यूजीन में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की थी।

डायमंड लीग फाइनल में लॉन्ग जंप टूर्नामेंट हांगझोऊ में होने वाले एशियाई खेल में पुरुषों के लॉन्ग जंप क्वालीफाइंग राउंड से ठीक 12 दिन पहले, 17 सितंबर को निर्धारित है।

दो आयोजनों के बीच कम समय होने की वजह से मुरली श्रीशंकर ने डायमंड लीग फाइनल की बजाय एशियाई खेल को प्राथमिकता देने का विकल्प चुना है।

श्रीशंकर ने मार्च में तीसरे इंडियन ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने ग्रीस के कल्लिथिया में वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर कांस्य लेबल इवेंट और मई में एमवीए हाई-परफॉर्मेंस एथलेटिक्स मीट (यूएसए) में भी पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के रजत पदक विजेता का पिछले महीने बुडापेस्ट में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में निराशाजनक प्रदर्शन रहा और वह फाइनल में जगह बनाने में विफल रहे। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 7.74 मीटर की छलांग लगाई थी जो फाइनल में क्वालीफाई करने के लिए नाकाफी थी।