Trending

एशिया कप : श्रीलंका की जीत, बांग्लादेश का सफर खत्म

सदीरा समरविक्रमा (93 रन) और कुसल मेंडिस (50 रन) की पारी के बाद महीष तीक्षणा (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से श्रीलंका ने एशिया कप के सुपर 4 मैच में बांग्लादेश को 21 रनों से हराया.

घर पर खेलते हुए मेजबान टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सदीरा समरविक्रमा ने शानदार पारी खेलकर टीम को मुश्किल से निकाला और सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

कुसल मेंडिस और ओपनर पथुम निशंका की 40 रन की पारी टीम के लिए अहम रही. बांग्लादेश के लिए करो या मरो के मैच में तस्कीन अहमद और हसन महमूद ने 3-3 विकेट झटके.

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी आई मेजबान टीम ने 9 विकेट पर 257 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश 236 रन ढेर हो गई. श्रीलंका के खिलाफ 258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश के लिए एक खिलाड़ी अकेले जूझता दिखा.

तौहीद हृदय ने मैच में टॉप ऑर्डर के विफल होने के बाद छठे नंबर पर आकर बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. 73 गेंद पर 4 चौके से अपना अर्द्धशतक पूरा किया.

97 गेंद पर इस बल्लेबाज ने 82 रन की पारी खेल टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा, उनके आउट होते ही सब खत्म हो गया. एशिया कप सुपर 4 के पहले मैच में बांग्लादेश को पाकिस्तान के हाथों करारी हार मिली थी.

पहले मैच में हारने के बाद टूर्नामेंट में बने रहने के लिए श्रीलंका के खिलाफ मैच करो या मरो का बन गया था. बल्लेबाजों ने गलत वक्त पर टीम को धोखा दिया और टीम का सफर एशिया कप में खत्म हो गया.