Trending

वर्ल्ड कप : अनोखे अंदाज में घोषित हुई न्यूजीलैंड टीम


भारत में खेले जाने वाले वर्ल्ड कप के लिए न्यूजीलैंड टीम की घोषणा हो गई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने प्लेयर्स के परिवार वालों से टीम का ऐलान कराया है। बोर्ड ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर इसका वीडियो पोस्ट किया है। टीम की कप्तानी चोट से वापसी कर रहे केन विलियमसन करेंगे।

BLACKCAPS @BLACKCAPS

आईपीएल 2023 के पहले मैच (31 मार्च 2023) में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बाउंड्री लाइन पर कैच लेने की कोशिश में विलियमसन चोटिल हो गए थे।

उनके दाएं घुटने में चोट लगी थी। इसके बाद वो पूरे लीग से बाहर हो गए थे। लीग से बाहर होने के बाद विलियमसन न्यूजीलैंड लौट गए और अप्रैल में उनकी सर्जरी हुई। आईपीएल के इस सीजन में वो गुजरात टाइटन्स टीम के हिस्सा थे।

टीम में फिन एलन की जगह विल यंग को जगह दी है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए तेज गेंदबाज काइल जैमीसन और एडम मिल्ने वर्ल्ड कप में नहीं खेलेंगे।

ट्रेंट बोल्ट और जेम्स नीशम को भी टीम में जगह मिली है, हालांकि दोनों इस वर्ष न्यूजीलैंड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में नहीं है। वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से भारत में शुरू होगा। पिछली बार की रनर-अप न्यूजीलैंड टीम का पहला मैच 5 अक्टूबर को अहमदाबाद में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड से होगा।

वहीं सभी टीमें अपने स्क्वॉड में 15 प्लेयर्स रह सकेंगी, टीमें 3 स्टैंड-बाय प्लेयर्स के नाम भी दे सकती है। वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाले सभी देशों को 28 सितंबर तक अपने स्क्वॉड की फाइनल लिस्ट इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को देनी है।

भारत में 46 दिन चलने वाले वर्ल्ड कप में कुल 48 मैच होंगे। पहला मैच 5 अक्टूबर को होगा। 12 नवंबर तक लीग स्टेज के 45 मैच होंगे। 15 और 16 नवंबर को 2 सेमीफाइनल और 19 नवंबर को अहमदाबाद में फाइनल होगा।

न्यूजीलैंड टीम : केन विलियमसन (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, टॉम लैथम (उपकप्तान, विकेटकीपर), डेरिल मिशेल, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी और विल यंग।