एशिया कप के फाइनल में भारत, गेंदबाजों के कमाल से श्रीलंका को 41 रन से दी मात
रोहित शर्मा (54 रन) की पारी के बाद कुलदीप यादव (4 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत ने एशिया कप में श्रीलंका को 41 रनों से मात दी. साथ ही टीम इंडिया ने फाइनल में एंट्री ले ली है.
भारतीय गेंदबाजों ने लो स्कोरिंग मैच में भारत को यादगार जीत दिलाई. भारत की सुपर-4 में 15 सितंबर को बांग्लादेश से टक्कर होगी. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुए इस मैच में सुपर-4 मैच में भारतीय बल्लेबाजी ताश की पत्तों की तरह बिखर गई.

भारत की तरफ से मिले 214 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम 172 रन पर सिमट गई. श्रीलंका की तरफ से धनंजय डी सिल्वा ने सबसे अधिक 41 रन की पारी खेली. लक्ष्य का पीछा करने आई श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और 25 रन पर उसे 3 झटके लग चुके थे.
चरित असलंका और धनंजय डी सिल्वा ने पारी को संभालने की कोशिश की, यह जोड़ी उम्मीद जगाकर टीम को मझधार में छोड़कर चली गई.
श्रीलंका के लिए असलंका ने 22 रन बनाए, सदीरा समरविक्रमा 17 रन बनाकर आउट हो गए. कुसल मेंडिस ने 15 रन बनाया. ओपनर पथुम निसंका ने 6, दिमुथ करुणारत्ने ने 2 रन का योगदान दिया. कप्तान दासुन शनाका 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके, बुमराह और जडेजा ने 2-2 विकेट झटके. दुनिथ वेलालागे (40 /5) और चरित असलंका (18/4) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका ने भारतीय टीम को 49.1 ओवर में 213 रन पर ढेर कर दिया.

भारत ने एक दिन पहले इसी मैदान पर पाक के खिलाफ दो विकेट पर 356 रन बनाकर रिकॉर्ड 228 रन से जीत दर्ज की थी. भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने 48 गेंद में 53 रन की पारी खेलने के साथ शुभमन गिल (13) के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की पार्टनरशिप की.
वेलालगे ने अपने शुरुआती तीन ओवर में गिल, विराट कोहली (तीन रन) और रोहित को आउट कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया.
पाक के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी खेलने वाले राहुल (39) और ईशान किशन (33) ने चौथे विकेट के लिए 89 गेंद में 63 रन की पार्टनरशिप करके मैच में वापसी की कोशिश की,
वेलालागे ने राहुल को आउट कर इस पार्टनरशिप को तोड़ा. असलंका ने किशन को आउट किया और निचले क्रम के बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई.
अक्षर पटेल (26) ने मोहम्मद सिराज (नाबाद 5) के साथ अंतिम विकेट के लिए 27 रन की पार्टनरशिप करके टीम को 213 रन तक पहुंचाया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई.
रोहित ने पहले ओवर में तो वहीं गिल ने पांचवें ओवर में कासुन राजित के खिलाफ चौका मारकर हाथ खोला. रोहित ने सातवें ओवर में इसी गेंदबाज के खिलाफ छक्के के साथ वनडे में 10000 रन पूरे किए.
भारतीय कप्तान ने 248 मैच और 241 वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ. वह सबसे कम पारियों में 10000 रन पूरा करने के मामले में विराट कोहली (205 पारी) के बाद दूसरे स्थान पर है.
सबसे कम पारियों में 10000 रन पूरा करने के मामले में उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर (259 पारी) , सौरव गांगुली (263), रिकी पोंटिंग (266), जैक कालिस (272), महेंद्र सिंह धोनी (273), ब्रायन लारा (278), क्रिस गेल (282) और भारतीय टीम के मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ (287 पारी) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया.
रोहित ने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका के खिलाफ 10वें ओवर में चार चौके मारे जिससे पावर प्ले में भारतीय टीम का स्कोर 65 रन हो गया. उन्होंने 11वें ओवर में मथीश पथिराना की शॉर्ट गेंद पर अपना चहेता पुल शॉट लगाकर गेंद को दर्शकों के पास भेजा.