Trending

एशिया कप : भारत के पास लगातार चौथी जीत हासिल करने का मौका

भारत और बांग्लादेश के बीच आज एशिया कप में सुपर-4 स्टेज का आखिरी मैच होगा। मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय टाइमिंग के अनुसार, दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा।

बांग्लादेश टीम एशिया कप से बाहर हो चुकी है। भारत के खिलाफ बांग्लादेश ये मैच जीत भी जाता है तो उसके 2 ही पॉइंट्स होंगे, जो फाइनल में पहुंच चुकीं श्रीलंका और भारत दोनों से कम रहेंगे।

फाइनल में जगह बन चुकी टीम इंडिया के पास टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत हासिल करने का अवसर है। टीम को अभी तक एक हार नहीं मिली है। टूर्नामेंट में ये भारत 5वां मैच रहेगा। पहला मैच पाक के खिलाफ बेनतीजा रहा था। इसके बाद टीम ने नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया।

भारत और बांग्लादेश के बीच अभी तक 39 वनडे खेले जा चुके है। भारत ने 31 और बांग्लादेश ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है। 1 मैच नो रिजल्ट रहा है। वनडे फॉर्मेट में दोनों टीमें आखिरी बार दिसंबर 2022 में आमने-सामने हुई थीं, तीन मैचों सीरीज में भारत को 2-1 से हार मिली थी।

भारत फाइनल में है और वर्कलोड मैनेज करने के इरादे से कई खिलाड़ियों को आराम मिल सकता है। विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या, केएल राहुल और शुभमन गिल को प्लेइंग-11 से बाहर रखा जा सकता है।

इनकी जगह सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दूल ठाकुर और श्रेयस अय्यर को अवसर मिल सकता है। एशिया कप में भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा टॉप स्कोरर रहे है। कुलदीप यादव टॉप विकेटटेकर है।

बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम आज भारत के खिलाफ टीम का आखिरी मैच नहीं खेल सकेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रहीम की छुटि्टयां बढ़ा दी हैं, ताकि वे अपने नवजात बच्चे और परिवार को अधिक टाइम दे सके।

एशिया कप में बांग्लादेश के लिए सबसे अधिक रन नजमुल हुसैन शान्तो ने बनाए है, वो चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके है। मेहदी हसन मिराज सेकेंड टॉप स्कोरर है। गेंदबाजी में तस्कीन अहमद ने 9 विकेट लिए है।

कोलंबो में शुक्रवार को बारिश की 88 फीसदी आशंका है। तापमान 25 से 32 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिनर्स के लिए मददगार रही है। यहां बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिलती है। दूसरी तरफ तेज गेंदबाजों को इस मैदान पर मुश्किल होती है।

भारत संभावित प्लेइंग इलेवन : रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर/केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, शार्दूल ठाकुर, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव

बांग्लादेश संभावित प्लेइंग इलेवन : शाकिब अल हसन (कप्तान), मोहम्मद नईम, मेहदी हसन मिराज, लिट्टन दास (विकेटकीपर), तंजीद हसन, तौहीद हृदॉय, शमीम हुसैन, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम, हसन महमूद और नसुम अहमद