Trending

रोहन बोपन्ना के आखिरी डेविस कप मैच का रविवार को गवाह बनेगा लखनऊ

लखनऊ। रविवार को स्टार भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना के आखिरी डेविस कप मैच का गवाह नवाब नगरी लखनऊ बनेगी, जो कि 23 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद डेविस कप की मेजबानी कर रही है।

बोपन्ना ने हाल ही में अमेरिकी ओपन के युगल फाइनल में प्रतिस्पर्धा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा था। अनुभवी खिलाड़ी वर्तमान में युगल में विश्व नंबर सात है और 2002 से भारत की डेविस कप टीम का हिस्सा है।

टेनिस के विश्व कप के रूप में माने जाने वाले डेविस कप में विश्व ग्रुप-2 के मैच शनिवार को गोमती नगर के विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में भारत के शशिकुमार मुकुंद और मोरक्को के यासिन डिलीमी के बीच एकल मैच से शुरू हो गये।

दूसरा एकल सुमित नागल और एडम माउंडिर के बीच होगा। रविवार को रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी की भारतीय जोड़ी मोरक्को के इलियट बेनचेट्रिट और यूनुस लालामी लारौसी से मैच करेगी।

वह दो बार 2010 और 2023 में यूएस ओपन फाइनल में रहे है, जबकि 2017 फ्रेंच ओपन मिश्रित युगल खिताब जीतकर ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बने।

भारत अभी तक तीन मौकों (1966 ,1974 और 1987) पर डेविस कप का उपविजेता रहा है। भारत आंकड़ों में कमजोर दिख रही मोरक्को को हराने में सफल होता है तो वह 2024 डेविस कप विश्व ग्रुप-1 प्लेऑफ में प्रतिस्पर्धा करेगा।

मोरक्को के खिलाफ भारत का वर्ल्ड ग्रुप II मैच शनिवार को लखनऊ के गोमती नगर के विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में शुरू हुआ। 43 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी रोहन बोपन्ना का यह आखिरी डेविस कप मैच होगा।

अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के अध्यक्ष अनिल जैन, एआईटीए के महासचिव अनिल धूपर, उत्तर प्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष नवनीत सहगल, भारत के महान खिलाड़ी विजय अमृतराज और अन्य अधिकारी उद्घाटन समारोह के दौरान मौजूद थे। डेविस कप के मैचों का लाइव प्रसारण दूरदर्शन स्पोर्ट्स और सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है।