Trending

डायमंड लीग फाइनल : दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, वादलेच से 0.44 सेमी. पिछड़े


प्रतिष्ठित डायमंड लीग के फाइनल में भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने शनिवार देर रात अमेरिका के ओरेगन में आयोजित टूर्नामेंट के दौरान अपने दूसरे प्रयास में 83.80 मीटर दूर थ्रो फेंका।

नीरज ने इस वर्ष दोहा डायमंड लीग में 88.67 मीटर दूर भाला फेंका था, लुसान डायमंड लीग में वह 87.66 मीटर के साथ जीते थे। ज्यूरिख डायमंड लीग में 85.71 के बेस्ट अटेम्प्ट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। अमेरिका के ओरेगन में वह 83.80 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। नीरज चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच को नहीं पछाड़ सके। वादलेच ने 84.24 मीटर दूर भाला फेंक पहला स्थान हासिल किया। फिनलैंड के ओलिवर हेलेंडर 83.74 मीटर के साथ तीसरे पायदान पर रहे।

नीरज ने पिछले वर्ष डायमंड लीग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस सीजन उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। नीरज ने पिछले महीने पहली बार विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीता था। नीरज अगर पहला स्थान हासिल कर लेते तो वह डायमंड लीग खिताब का बचाव करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाते, ऐसा नहीं हुआ।

पहला थ्रो: नीरज का पहला प्रयास फाउल रहा। वह पहले राउंड के बाद अंतिम स्थान पर रहे। चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच शीर्ष पर कब्जा जमाया। उन्होंने पहले राउंड में 84.01 मीटर दूर थ्रो फेंका।

दूसरा थ्रो: नीरज ने इस बार शानदार वापसी की। उन्होंने 83.80 मीटर दूर थ्रो फेंका। साथ ही वह दूसरे स्थान पर आ गए। उनके प्रतिद्वंद्वी वादलेच का दूसरा प्रयास फाउल करार दिया गया।

तीसरा थ्रो: नीरज का तीसरा थ्रो दूसरे के मैच कमजोर रहा। उन्होंने 81.37 मीटर दूर थ्रो फेंका। वादलेच का तीसरा प्रयास फाउल करार दिया गया। फिनलैंड के ओलिवर हेलेंडर ने 83.74 मीटर दूर थ्रो फेंका। वह तीसरे स्थान पर आ गए।

चौथा थ्रो: नीरज के चौथे थ्रो को फाउल करार दिया गया। ओलिवर हेलेंडर का चौथा थ्रो फाउल हो गया। पहले पायदान पर चल रहे वादलेच का चौथा प्रयास फाउल रहा।

पांचवां थ्रो: नीरज ने पांचवें थ्रो में 80.74 मीटर दूर भाले को फेंका। यह तीन सफल प्रयासों में नीरज का सबसे कमजोर थ्रो था। वह पांच राउंड के बाद दूसरे स्थान पर ही थे।

हेलेंडर पांचवें थ्रो को ठीक से फेंकने में विफल रहे और उसे फाउल करार दिया गया। वादलेच ने तीन फाउल थ्रो के बाद इस बार सही थ्रो किया। उन्होंने 82.58 मीटर दूर भाले को फेंका।

छठा थ्रो: नीरज ने छठे और अंतिम थ्रो में 80.90 मीटर दूर थ्रो फेंका। वह वादलेच को पीछे नहीं छोड़ सके और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। हेलेंडर ने छठे प्रयास में 80.98 और वादलेच ने 84.24 मीटर दूर फेंका। यह उनका इस बार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वह पहले स्थान पर रहे।