आठवीं बार भारत ने अपने नाम किया एशिया कप का खिताब
शुभमन गिल (27 रन) और ईशान किशन (23 रन) की पारी के बाद सिराज (6 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 10 विकेट से मात देकर आठवीं बार खिताब अपने नाम किया।
किसी वनडे फाइनल में गेंद शेष रहने के लिहाज से भी यह सबसे बड़ी जीत है। 2003 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 226 गेंद शेष रहते हराया था।

ऑस्ट्रेलिया ने 1999 में पाक के खिलाफ 179 गेंद शेष रहते मैच को जीता था। बता दें कि भारत ने आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीता है। टीम वर्ष 1984, 1988, 1990/91, 1995, 2010, 2016 (टी-20 फॉर्मेट), 2018 और 2023 में विजेता बनी।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और पूरी टीम 15.2 ओवर में 50 रन पर ढेर हो गई।
जवाब में भारत ने 6.1 ओवर में 263 गेंद शेष रहते इस मैच को जीता। वनडे में गेंद शेष रहने के मामले में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। भारत ने इस मैच में सिर्फ 37 गेंदों का ही सामना किया।

2001 में भारत ने केन्या के खिलाफ 231 गेंद शेष रहते और वर्ष 2018 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 211 गेंद शेष रहते वनडे को जीता था। साथ ही 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में 188 गेंद शेष रहते भारत ने मैच पर कब्जा जमाया था।