इस वजह से बंद दरवाजे के पीछे होगा पाक बनाम न्यूजीलैंड वार्म-अप मैच
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच बंद दरवाजे के पीछे आगामी विश्व कप का वार्म-अप मैच खेला जाएगा। इस मैच में दर्शक मौजूद नहीं होंगे। हालांकि दोनों टीमों के रुकने के दौरान और स्टेडियम से आने-जाने के लिए पूरी सुरक्षा रहेगी। ये खबर हैदराबाद क्रिकेट फैन्स के लिए निराश करने वाली है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बोला, ”जुलूस देर रात तक चलेंगे और स्थानीय पुलिस इस स्तर के मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं होगी। दरअसल इस मैच से पहले हैदराबाद में दो त्योहार गणेश विसर्जन और मिलाद-उन-नबी है।
वैसे हैदराबाद दो वार्म अप मैच के अलावा विश्व कप में केवल तीन मैच की मेजबानी कर रहा है और इसमें भारत के मैच शामिल नहीं है।

हैदराबाद पुलिस ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन को 29 सितंबर के मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने में असमर्थता जाहिर की है। इससे पहले हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने बीसीसीआई से 9 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को लगातार होने वाले मैच के शेड्यूल बदलने के लिए बोला था।
9 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और नीदरलैंड, 10 अक्टूबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच होना है। लोकल पुलिस ने यहां भी सिक्योरिटी का हवाला दिया था। हालांकि बीसीसीआई ने एचसीए की बात मानने से इनकार कर दिया था। पाकिस्तान की टीम विश्व कप में अपने 11 मैच में से चार मैच (दो वार्म अप, दो ग्रुप मैच) हैदराबाद में खेल रही है।