Trending

सुब्रतो कप फुटबॉल : केरल पर जीत से झारखंड क्वॉर्टर फाइनल में

गत विजेता सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला, झारखंड ने सुब्रतो कप जूनियर गर्ल्स (अंडर 17) इंटर स्कूल इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में लगातार तीसरे मैच में जीत से क्वॉर्टर फाइनल में जगह बना ली. शुक्रवार को झारखंड ने अपने तीसरे लीग मैच में केरल को 7-0 से हराकर पूल एफ में टॉप पर रहते हुए क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश किया.

इस मैच में अनिता डुंगडुंग ने सर्वाधिक 3 गोल, अल्फा कंडूलना, बिनीता होरो, रेशमी मिंज और अल्का इंदवार ने 1-1 गोल किए. इससे पूर्व झारखंड टीम ने पहले मैच में दिल्ली को 23-0 , दूसरे मैच में गुजरात को 9-1 से हराया था. अपने तीन मैच में अभी तक झारखंड ने 39 गोल किया है.

सेंट पैट्रिक आवासीय बालिका फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर गुमला झारखंड खेल विभाग द्वारा संचालित है. दूसरी ओर सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला, झारखंड के साथ पूर्व चैंपियन बांग्लादेश क्रीड़ा शिक्षा प्रतिष्ठान (बीकेएसपी) और जीएसएसएस अलखपुरा, भिवानी, हरियाणा ने भी अंतिम आठ में जगह बना ली।

इसके अलावा सैडेन सेकेंडरी स्कूल, री-भोई, नोंगपोह, मेघालय; आनंद पूर्ण स्कूल ऑफ साइंस, थौबल, मणिपुर; लोहित डिकरोंग एच.एस.एस, लखीमपुर, असम; त्रिपुरा स्पोर्ट्स स्कूल, त्रिपुरा और होम मिशन स्कूल, आइजोल (एनसीसी) ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।