Trending

गिल-गायकवाड़ व शमी का कमाल, भारत ने पांच विकेट से जीता मैच

शुभमन गिल (74 रन) और ऋतुराज गायकवाड़ (71 रन) की पारी के बाद मोहम्मद शमी (5 विकेट) की धमाकेदार गेंदबाजी से भारत ने वनडे सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया। साथ ही वनडे सीरीज में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। सीरीज का अगला मैच 24 सितंबर को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया द्वारा मिले लक्ष्य का पीछा करने आई टीम इंडिया ने 48.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 281 रन बनाते हुए मैच जीता। भारत की तरफ से गिल ने सर्वाधिक 74 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जैम्पा ने 2 विकेट लेकर अच्छी गेंदबाजी की।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इस मैच में भारत की तरफ से शुभमन गिल और रुतुराज गायकवाड़ ने अर्धशतक जमाए। मोहम्मद शमी ने कमाल की गेंदबाजी की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर 276 रन बनाए। टीम की तरफ से डेविड वार्नर (52) ने अर्धशतक जड़ा।

गिल-गायकवाड़ ने टीम को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 142 रन जोड़े। इस जोड़ी के टूटते ही टीम लड़खड़ाती दिखी। 9 रन के अंतराल में ही भारत के 3 विकेट गिर गए।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

दोनों सलामी बल्लेबाजों के बाद श्रेयस अय्यर (3) और ईशान किशन (18) भी चलते बने। पांचवें विकेट के लिए केएल राहुल (58) और सूर्यकुमार यादव (50) ने 80 रन की पार्टनरशिप करके जीत की औपचारिकता पूरी की।

गिल ने अपनी बल्लेबाजी कौशल का बेहतर नमूना पेश करते हुए घरेलू मैदान पर लाजवाब पारी खेली। गिल के वनडे क्रिकेट करियर का यह 9वां अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह गिल की सर्वश्रेष्ठ पारी रही और इस फॉर्मेट में पहला अर्धशतक रहा।

उन्होंने पारी में 117.46 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में 74 रन बनाए। उन्होंने पारी में 6 चौके और 2 आसमानी छक्के मारे। गायकवाड़ को सीनियर प्लेयर्स की गैरमौजूदगी में इस सीरीज में खेलने का अवसर मिला जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।

उन्होंने 92.21 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंदों पर 71 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके भी मारे। यह रुतुराज के वनडे करियर का पहला अर्धशतक है। यह उनका तीसरा ही वनडे मैच है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

गायकवाड़ चीन में आयोजित हो रहे एशियाई खेल में भारत की अगुवाई भी करने जा रहे है। इस फॉर्मेट में शमी का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। शमी ने 5.10 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर के स्पैल में 51 रन खर्च कर 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।

शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 5 विकेट हॉल लेने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज है। उनसे पहले कपिल देव (1983) और अजीत अगरकर (2004) ने ऐसा किया था।