Trending

एशियाई खेल : भारतीय पुरुष हॉकी टीम की दूसरी जीत, सिंगापुर को 16-1 से हराया

एशियाई खेल में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह की हैट्रिक के दम पर खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम ने पुरुष हॉकी स्पर्धा में सिंगापुर को 16-1 से हराया।

भारत के लिए हरमनप्रीत ने चार (24वां, 39वां, 40वां, 42वां मिनट) , मनदीप ने तीन (12वां, 30वां और 51वां) , वरुण कुमार ने दो (55वें मिनट में), अभिषेक ने दो (51वां और 52वां) वी एस प्रसाद (23वां), गुरजंत सिंह (22वां) , ललित उपाध्याय (16वां), शमशेर सिंह (38वां) और मनप्रीत सिंह (37वां) ने गोल किए।

सिंगापुर के लिए एकमात्र गोल मोहम्मद जकी बिन जुल्करनैन ने 53वें मिनट में किया। भारत ने धीमी शुरुआत की, गेंद पर नियंत्रण में बाजी मारी। पूरा खेल सिंगापुर के सर्कल में हुआ और भारतीय गोलकीपर एक बार फिर मूक दर्शक बने रहे।

भारत को छठे मिनट में गोल करने का अवसर मिला, सुखजीत सिंह के शॉट को सिंगापुर के गोलकीपर सैंड्रान गुगान ने बचा लिया। भारत को अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर मिला, कप्तान हरमनप्रीत सिंह की फ्लिक बेकार गई। दो मिनट बाद मनदीप ने दूसरा पेनल्टी कॉर्नर बनाया, सिंगापुर के गोलकीपर ने शानदार बचाव किया।

12वे मिनट में गुरजंत के पास पर मनदीप ने गोल करके खाता खोला। पहले क्वॉर्टर के आखिरी दो मिनट में भारत को मिले दो पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए। पहले क्वॉर्टर में भारत को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले, एक पर भी गोल नहीं हो सका।

भारत ने दूसरे क्वॉर्टर में बेहतर खेलते हुए दनादन पांच गोल मारे। दूसरे क्वॉर्टर की शुरुआत में ललित ने भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।

21वें मिनट में गुरजंत ने तीसरा गोल किया जिन्हें मनदीप ने पास दिया था। विवेक सागर प्रसाद ने एक मिनट बाद भारत का चौथा गोल किया।

हरमनप्रीत ने अगले मिनट पेनल्टी पर गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया। हाफटाइम से ठीक पहले पेनल्टी कॉर्नर पर अमित रोहिदास की फ्लिक को मनदीप ने गोल के भीतर डाला। ब्रेक के बाद भारत को 11वां पेनल्टी कॉर्नर मिला, हरमनप्रीत की फ्लिक गोल के बाहर से निकल गई।

मनप्रीत ने 37वें मिनट में भारत की बढत में विस्तार किया और पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत की फ्लिक पर रिबाउंड से गोल किया। हरमनप्रीत ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। शमशेर ने भी एक गोल किया।

हरमनप्रीत ने अपना चौथा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। वरुण ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर भुनाकर अंतिम पांच मिनट में दो गोल किए। भारत को मैच में 22 पेनल्टी कॉर्नर मिले, आठ पर ही गोल हो सका।

टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत ने उजबेकिस्तान को 16-0 से हराया था। टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता दुनिया की तीसरे नंबर की टीम भारत के लिए यह एक बार फिर बेमेल मैच था क्योंकि सिंगापुर विश्व रैंकिंग में 49वें स्थान पर है। भारत को पूल ए के अगले लीग मैच में 28 सितंबर को गत विजेता जापान से खेलना है।