एशियाई खेल : भारतीय पुरुष हॉकी टीम की तीसरी जीत
हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स पुरुष हॉकी टूर्नामेंट के अपने प्रिलिमिनरी राउंड में जापान को 4-2 से मात देकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज कर ली है।
भारत की तरफ से अभिषेक (खेल के 13वें और 48वें मिनट में) ने दो, मनदीप सिंह (खेल के 24वें मिनट में) और अमित रोहिदास (खेल के 34में मिनट में) ने 1-1 गोल दागे।
जापान की ओर से गेंकी मिटानी (खेल के 57वें मिनट में) और रयोसी काटो ने (खेल के 60वें मिनट में) 1-1 गोल किया। मेन इन ब्लू ने अपनी शानदार लय को जारी रखते हुए मैच की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेल का आगाज किया।

खेल के 13वें मिनट में भारतीय खिलाड़ी जर्सी नंबर 5 अभिषेक ने फील्ड गोल कर पहले क्वार्टर में टीम को बढ़त दिलाई। इससे पहले भारतीय प्लेयर्स ने खेल के पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था, लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके।
दूसरे क्वार्टर में भारतीय प्लेयर्स ने एक और गोल कर अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। भारत के लिए यह गोल जर्सी नंबर 11 मनदीप सिंह ने खेल के 24वें मिनट में फील्ड गोल के ज़रिए किया। यह इस मैच का दूसरा फील्ड गोल था।
इसके तुरंत बाद ही भारतीय टीम ने एक ओर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, इसे टीम गोल में तब्दील नहीं कर सकी। पहले हाफ के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से लबरेज़ थी और उन्होंने खेल का तीसरा गोल कर अपने इरादे साफ कर दिए। भारत के लिए तीसरा गोल अमित रोहिदास ने दागा।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय डिफेंस ने गोल बचाने में में अपनी अहम भूमिका निभाई। खेल का अंतिम क्वार्टर भारत के नाम रहा। मैच के चौथे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ी अभिषेक ने अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
जापान गोल की तलाश में लगातार संघर्ष करती हुई दिखाई दी, भारतीय डिफेंडरों को भेद पाना उनके लिए आसान नहीं रहा। जापान खेल के 57वें मिनट में पहली सफलता मिली। जापान की ओर से यह गोल गेंकी मिटानी ने किया।
खेल के आख़िरी मिनट में जापानी खिलाड़ी रयोसी काटो ने एक और गोल कर अपनी टीम के स्कोर में इजाफा कर दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम पूल ए में पाक को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष पर पहुंच गई है।
इससे पहले भारत ने उज्बेकिस्तान और सिंगापुर को एकतरफा मैच में हराया था। भारतीय टीम अब अपना मैच चिर-प्रतिद्वंदी पाक के खिलाफ 30 सितंबर (शनिवार) को खेलेगी।