एशियाई खेल : चीन के हाथों हार से भारतीय वॉलीबॉल टीम बाहर
भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम एशियाई खेल में मौजूदा विजेता चैंपियन चीन के हाथों हार के साथ खिताब की दौड़ से बाहर हो गयी। चीन इस एकतरफा मैच को 25-9, 25-9, 25-9 से जीता।
भारत की यह ग्रुप चरण में दूसरी हार थी। टीम को पहले मैच में उत्तर कोरिया ने हराया था। चीन और उत्तर कोरिया ने ग्रुप ए से ‘राउंड 12’ में जगह बना ली है, भारत अब ग्रुप जी में खिसक गया जहां वह नौवें से 12वें स्थान के लिए क्लासीफिकेशन के सेमीफाइनल में मंगोलिया से भिड़ेगा। भारत पिछले खेल (जकार्ता 2018) में 10वें स्थान पर रही थी।

चीन से हार के बावजूद भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम क्वार्टरफाइनल में
भारतीय महिला टीम को एशियाई खेल की 5×5 बास्केटबॉल स्पर्धा के अंतिम ग्रुप चरण मैच में गत विजेता चीन से हार मिली, इसके बावजूद वह क्वार्टरफाइनल में पहुंचने में सफल रही।
भारत को चीन से 53-11 से हार मिली। टीम ने इससे पहले इंडोनेशिया (66-46) और मंगोलिया (68-62) पर जीत हासिल की थी।
बास्केटबॉल में क्वार्टरफाइनल क्वालीफिकेशन ग्रुप चरण समाप्त होने के बाद टीमों की संयुक्त रैंकिंग के अनुसार होता है जिसमें शीर्ष आठ रैंकिंग की टीमें जगह बनाती है। भारत की इस समय छठी रैंकिंग है। भारत पांचवीं बार एशियाई खेल की बास्केटबॉल स्पर्धा में हिस्सा ले रहा है।