भारतीय तीरंदाज चार स्पर्धाओं के अंतिम आठ में, अतनु व अंकिता की मलेशिया के खिलाफ जीत
अतनु दास और अंकिता भकत की रिकर्व मिश्रित तीरंदाजी जोड़ी ने तीन सेटों के मैच में मलेशिया को मात देकर एशियाई खेल के क्वार्टर फाइनल में एंट्री ली।
भारतीय तीरंदाज तीन स्पर्धाओं रिकर्व मिश्रित, कंपाउंड मिश्रित और कंपाउंड पुरूष टीम के अंतिम आठ में पहुंच गए। शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय कंपाउंड महिला टीम को क्वार्टर फाइनल तक बाय मिला है।
एशियाई खेल
पांचवीं वरीयता प्राप्त दास और अंकिता ने मलेशिया के स्याकिरा बिंटी एम और मुहम्मद जरीफ स्याहिर बिन जोकेपेली को 39 . 38, 37 . 36, 39 . 33 से हराया।

मलेशिया की जोड़ी ने पहले सेट में तीन 10 स्कोर करके 2- 0 की बढत बनाई थी। भारत की अनुभवी जोड़ी ने दो 10 स्कोर करके वापसी की।
मलेशिया ने दूसरा सेट एक अंक के अंतर से गंवा दिया। तीसरे सेट में दास और अंकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन परफेक्ट 10 लगाये और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली जहां उनका सामना चौथी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया से होगा।
इंडोनेशिया को हराने पर उनकी टक्कर शीर्ष रैंकिंग वाली दक्षिण कोरिया से हो सकती है। एशियाई खेल में छह कोटा स्थान उपलब्ध है जो रिकर्व मिश्रित टीम विजेता और व्यक्तिगत वर्ग में शीर्ष दो तीरंदाजों को मिलेंगे।
कंपाउंड मिश्रित वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने केवल एक अंक गंवाया और संयुक्त अरब अमीरात के मोहम्मद बिनामरो और आमना अलावाधी को 159 . 151 से हराया। अब उनका सामना मलेशिया से होगा।
कंपाउंड टीम वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त ओजस, अभिषेक वर्मा और प्रथमेश जावकर ने 15वीं वरीयता प्राप्त सिंगापुर ( वून तेंग एंग, ली चुंग ही एलेन और जुन हुइ गोह ) को 235 . 219 से हराया। अब उनका सामना निचली रैंकिंग वाली भूटान टीम से होगा। शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला कंपाउंड टीम ( ज्योति, अदिति स्वामी और परनीत कौर ) क्वार्टर फाइनल में नौवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग से खेलेगी जिसने बांग्लादेश को 225 . 218 से हराया।