एशियाई खेल : किदांबी श्रीकांत की जीत से शुरुआत, सिंधु कल शुरू करेंगी अभियान
एशियन गेम्स बैडमिंटन में पुरुष एकल में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने जीत के साथ शुरुआत की। उन्होंने अपने राउंड ऑफ 64 मैच में वियतनाम के ले डक फट को 29 मिनट तक चले मैच में 21-10, 21-9 से हराया। वहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु मंगलवार को चीनी ताइपे की सु वेन ची के ख़िलाफ़ महिला एकल में अभियान शुरू करेंगी।
हांगझोऊ के बिनजियांग जिम्नेजियम के कोर्ट 1 में खेलते हुए श्रीकांत ने पहला गेम 21-10 से जीता। श्रीकांत ने कई शानदार स्मैश लगाए और वियतनाम के खिलाड़ी उनके सामने संघर्ष करते दिखे। दूसरे गेम में ले डक ने शुरुआती अंक हासिल किए।

भारतीय शटलर ने वापसी की और ब्रेक तक 11-7 की बढ़त हासिल की। इसके बाद उन्होंने लगातार दमदार शॉट्स लगाते हुए 21-9 से दूसरा गेम भी जीतकर अगले राउंड में अपनी जगह पक्की की। श्रीकांत अब मंगलवार को अपने राउंड ऑफ 32 मैच में रिपब्लिक ऑफ कोरिया के यूंग्यू ली का सामना करेंगे।
एक अन्य पुरुष एकल मैच में विश्व चैंपिययनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणॉय को राउंड ऑफ 64 मैच में बाई मिली। एचएस प्रणॉय मंगोलिया के बटदावा मुंखबट के ख़िलाफ़ एक्शन में दिखेंगे।
कृष्ण प्रसाद साई प्रतीक और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित जोड़ी ने मकाउ की चोंग लोक लियोंग और चि वेंग एनजी की जोड़ी को राउंड ऑफ 32 के मैच में 2-0 से हराकर अगले राउंड में जगह बना ली।
भारतीय जोड़ी ने पूरे मैच में लगातार अपना दबदबा बरकरार रखा और 37 मिनट तक चले मैच में मकाउ की जोड़ी के ख़िलाफ़ 21-18, 21-14 से जीत हासिल की।
पुरुष युगल स्पर्धा में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने हांगकांग के चो हिन लोंग और चुन वाई लुई की जोड़ी को 34 मिनट में 21-11, 21-16 से हराया। भारतीय पुरुष जोड़ी का सामना प्री-क्वार्टरफाइनल में डेनियल मार्टिन और लियो रॉली कारनांडो की इंडोनेशियाई जोड़ी से होगा।
एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की भारतीय पुरुष जोड़ी ने ताकुरो होकी-युगो कोबायाशी की जापानी जोड़ी के ख़िलाफ़ अपने मैच की शुरुआत की, एमआर अर्जुन की चोट के कारण उन्होंने अपना नाम टूर्नामेंट से वापस ले लिया। एन सिक्की रेड्डी और रोहन कपूर की मिश्रित जोड़ी ने भी चोट के कारण अपना नाम वापस ले लिया।
एशियन गेम्स बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम ने रविवार को चीन के ख़िलाफ़ हार झेलने के बाद रजत पदक हासिल किया था। इससे पहले भारतीय महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड के ख़िलाफ़ हारकर बाहर हो गई थी।