एशियाई खेल: रवि बिश्नोई व यशस्वी जायसवाल का कमाल, भारत सेमीफाइनल में
यशस्वी जायसवाल (100 रन) के शतक के बाद रवि बिश्नोई (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने चीन के हांगझोउ में जारी एशियाई खेल के 10वें दिन नेपाल को 23 रन से हराते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
पहले क्वार्टर फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 4 विकेट खोकर 202 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 6 की इकॉनमी से 24 रन देकर 3 विकेट झटके।
बिश्नोई ने 76 के स्कोर पर नेपाल के कुशल मल्ला (29) को रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट कराया। इसी ओवर में उन्होंने कप्तान रोहित पौडेल (3) को एलबीडबल्यू आउट किया।

122 के टीम स्कोर पर उन्होंने तीसरी सफलता प्राप्त की। बिश्नोई की गेंद पर साई किशोर ने दीपेंद्र सिंह ऐरी का कैच पकड़ा। दीपेंद्र ने 15 गेदों पर 32 रन बनाए। बिश्नोई के अलावा आवेश खान को 3, अर्शदीप सिंह को 2 और साई किशोर को 1 सफलता मिली।
इससे पहले भारत ने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के शतक से 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 202 रन बनाए थे। उनके अलावा रिंकू सिंह 15 गेंदों में 37 और शिवम दुबे 19 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे।
नेपाल की तरफ से दीपेंद्र सिंह ने 2 और संदीप लामिछाने-सोमपाल कामी ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में नेपाल 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 179 रन ही बना सकी। दीपेंद्र ने 32 और कुशल-संदीप जोरा ने 29-29 रन बनाए।
यशस्वी जायसवाल टी-20 में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज
युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने नेपाल के खिलाफ एशियाई खेल क्वार्टर फाइनल के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा और ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज बने। जायसवाल ने शुभमन गिल के रिकॉर्ड को तोड़ा।
जायसवाल ने 21 वर्ष नौ महीने और 13 दिन की उम्र में शतक जड़ा, शुभमन गिल ने 23 साल और 146 दिन की उम्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया था।
जायसवाल ने इस फॉर्मेट में अपने छठे मैच में अपना पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के लिए 48 गेंद लीं। उन्होंने 16वें ओवर में सोमपाल कामी की गेंद पर सिंगल लेकर शतक लगाया।
बाएं हाथ का यह बल्लेबाज गिल, सुरेश रैना, केएल राहुल, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुडा और विराट कोहल के बाद टी20 में शतक बनाने वाला सिर्फ आठवां भारतीय बल्लेबाज बन गया।