Trending

वनडे विश्व कप : डेवोन कॉनवे-रचिन रविंद्र के शतक, कीवी टीम की 9 विकेट से जीत

डेवोन कॉनवे (152 रन) और रचिन रविंद्र (123 रन) की पारी से वनडे विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 9 विकेट से हराया। कीवी बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करके इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। कीवी टीम की तरफ से रचिन रविंद्र और डेवोन कॉनवे ने उम्दा बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 282 रन बनाए। टीम की तरफ से जो रूट (77) ने सबसे अधिक रन बनाए।

वनडे विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 9 विकेट से हराया

लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी कीवी टीम ने 36.2 ओवर में 1 विकेट खोकर आसानी से जीत दर्ज कर ली। टीम की तरफ से कॉनवे ने सर्वाधिक रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से सैम कर्रन ने एकमात्र विकेट लिया।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

कीवी टीम की शुरुआत खास नहीं रही और दूसरे ही ओवर में उसे विल यंग (0) के रूप में पहला झटका लग गया। सलामी बल्लेबाज कॉनवे और रविंद्र ने मोर्चा संभालते हुए लक्ष्य का बौना साबित कर दिया।

इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 211 गेंदों में 273 रन की पार्टनरशिप की बदौलत इंग्लैंड को काफी समय पहले मैच से बाहर कर दिया था।

कॉनवे ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का 5वां शतक रहा, जिसे उन्होंने 83 गेंदों में पूरा किया। इंग्लैंड के खिलाफ यह इस फॉर्मेट में उनका दूसरा शतक है।

उन्होंने पारी में 125.62 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 121 गेंदों में शानदार 152 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके और 3 छक्के भी जमाए।

23 वर्षीय युवा खिलाड़ी रविंद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण को बौना साबित कर दिया। यह इस फॉर्मेट में उनके द्वारा खेली गई अभी तक की सर्वश्रेष्ठ पारी है। इससे पूर्व उनका उच्चतम स्कोर 61 रन का था।

उन्होंने पारी में 128.12 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 96 गेंदों में 123 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के भी जमाए।

रविंद्र वनडे विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे कम उम्र (23 साल 321 दिन) में शतक जमाने वाले बल्लेबाज बने। वह वनडे विश्व कप में सबसे तेज शतक (82 गेंद) जड़ने वाले कीवी बल्लेबाज भी बने।

रूट ने इस मैच में इंग्लैंड की ओर से काफी देर तक एक छोर संभाले रखा। उन्होंने अपने वनडे करियर का 37वां अर्धशतक मारते हुए अपनी उपयोगिता साबित की।

उन्होंने पारी में 89.53 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 86 गेंदों में 77 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का जड़ा। वह 163 मैचों की 152 पारियों में अभी तक 49.02 की औसत और 86.74 की स्ट्राइक रेट 6,323 रन बना चुके है।

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज रूट का वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अपने 1,000 वनडे रन भी पूरे कर लिए। इस टीम के खिलाफ उन्होंने अभी तक 26 वनडे में 47.53 की औसत और 88.88 की स्ट्राइक रेट से 1,048 रन बनाए है।

कीवियों के खिलाफ उन्होंने 106 के उच्चतम स्कोर के साथ 3 शतक और 6 अर्धशतक मारे है। रूट इंग्लैंड की तरफ से वनडे विश्व कप मैचों में सबसे अधिक 50 से अधिक की पारियां खेलने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने पूर्व खिलाड़ी ग्रीन हिक (7-7) की बराबरी हासिल की। ग्राहम गूच (9) पहले नंबर पर है।