एशियाई खेल महिला कबड्डी : नेपाल पर जीत के साथ भारत फाइनल में
एशियाई खेल में भारत ने महिला कबड्डी स्पर्धा में नेपाल पर 61-17 की शानदार जीत के साथ लगातार चौथे फाइनल में एंट्री ली। पिछले संस्करण के उपविजेता भारत को अपने प्रतिद्वंद्वियों से खास चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा और पूजा हथवाला और पुष्पा राणा की रेड की अगुवाई में भारत हाफ टाइम तक 29-10 से आगे थी। कुल मिलाकर, भारत ने नेपाली टीम को पांच बार ऑल-आउट किया।

भारत के लिए झारखंड की युवा खिलाड़ी अक्षिमा, जो एशियाई खेल में पदार्पण कर रही थी, भी प्रभावशाली रहीं, उन्होंने सफल रेड की और दो टच पॉइंट अर्जित किए। भारतीय महिला कबड्डी टीम का इन खेलों में हासिल किया ये सर्वोच्च स्कोर है।
उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दक्षिण कोरिया के खिलाफ 56 अंक था। भारतीय महिला फाइनल में ईरान और चीनी ताइपे के बीच होने वाले सेमीफाइनल 2 के विजेता से भिड़ेगी। दूसरी ओर एशियाड-2018 की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम दिन के अंत में सेमीफाइनल में पाक से भिड़ेगी।