एशियाई खेल : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्वर्ण के साथ हासिल किया पेरिस ओलंपिक का टिकट
एशियाई खेल में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल से भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने गत विजेता जापान को फाइनल में 5-1 से मात दी और पेरिस ओलंपिक के लिये भी क्वालीफाई कर लिया।
भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह (32वां और 59वां मिनट), अभिषेक (48वां मिनट), अमित रोहिदास (36वां) और मनप्रीत सिंह (25वां) ने गोल किए। जापान के लिए एकमात्र गोल एस तनाका ने 51वें मिनट में दागा।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने रक्षात्मक खेल दिखाया। भारत को 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अमित रोहिदास की फ्लिक सीधे जापान के गोलकीपर के सामने गई।
दूसरे क्वार्टर में भारतीयों ने लगातार हमले बोले जिसका फायदा तीसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला, इस बार भी रोहिदास निशाना चूक गए।
भारत का खाता 25वें मिनट में मनप्रीत ने खोला। ललित उपाध्याय सर्कल के भीतर गेंद लेकर गए और नीलाकांता शर्मा को सौंपी जिन्होंने सर्कल पर खड़े मनप्रीत को गेंद थमाई और उन्होंने सटीक निशाना साधकर गेंद गोल के भीतर डाल दी।
मैदानी अंपायर ने उछाल की वजह से गोल अमान्य करार दिया, भारत ने वीडियो रेफरल लिया और फैसला भारतीय टीम के पक्ष में रहा। भारत ने तीसरे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे। हरमनप्रीत ने 32वें मिनट में और रोहिदास ने चार मिनट बाद गोल किए।
चौथे क्वार्टर में अभिषेक ने तीसरे मिनट में और हूटर से एक मिनट पहले हरमनप्रीत ने गोल करके भारत की शानदार जीत तय कर दी। बताते चले कि टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने 9 वर्ष बाद एशियाई खेल में स्वर्ण पदक जीता है। वहीं एशियाई खेलों में भारत का यह 22वां स्वर्ण पदक है।