Trending

वर्ल्ड कप : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआत करेगा भारत, कंगारुओं के लिए हालिया रिकॉर्ड परेशानी का सबब

वनडे वर्ल्ड कप में भारत अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलेगा। हालांकि भारत के लिए परेशानी वाली खबर ये है कि टॉप फॉर्म में चल रहे ओपनर शुभमन गिल को तीन दिन पहले डेंगू हुआ था।

कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ दोनों का बोलना है कि अगर गिल नहीं खेले तो उनकी जगह ईशान किशन को मौका दिया जा सकता है।

पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए हालिया रिकॉर्ड परेशानी का सबब है क्योंकि वो इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवाकर आई थी। वहीं भारत ने हाल ही में एशिया कप जीता था और फिर तीन मैचों की वनडे सीरीज में इसी ऑस्ट्रेलियाई टीम को 2-1 से हराया।

दोपहर 2 बजे से शुरू होगा मैच

वैसे दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल 149 वनडे हुए है। ऑस्ट्रेलिया ने 83 और भारत ने 56 मैच जीते। 10 मैच बेनतीजा रहे। वनडे वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया का ही पलड़ा भारी है जिसमें दोनों टीमों के बीच खेले गए 12 मैचों में 8 में ऑस्ट्रेलिया और महज 4 में भारत को जीत मिली। 2019 में पिछला मैच भारत ने ही जीता था।

शुभमन गिल के इस मैच में खेलने पर सवालिया निशान है जबकि वो इस साल टॉप परफॉर्मर रहे है जिन्होंने 20 मैच में 1230 रन बनाए है।

उन्होंने एक डबल सेंचुरी भी लगाई। वहीं गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने इस साल 17 वनडे में 33 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 4.72 रही।

चेन्नई की पिच आमतौर पर स्पिन फ्रेंडली होती है, अगर आज भी पिच स्पिन को मददगार नजर आई तो टीम इंडिया 3 स्पिनर्स के साथ जा सकती है। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ रविचंद्रन अश्विन को मौका मिल सकता है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्नस लाबुशेन ने इस वर्ष 11 मैच खेले और 93.17 के स्ट्राइक रेट से 464 रन बनाए। हाईएस्ट 124 रन रहे।

कंगारू टीम के पास मजबूत बॉलिंग अटैक है। मिचेल स्टार्क और कप्तान पैट कमिंस किसी भी बैटिंग यूनिट को झकझोर सकते है, जोश हेजलवुड नई गेंद से कमान संभालेंगे। इस वर्ष लेग स्पिनर एडम जम्पा ज्यादा कामयाब रहे। उन्होंने 9 मैच में 6.29 की इकोनॉमी से 15 विकेट लिए है।

एमए चिदंबरम स्टेडियम का विकेट शुरुआती कुछ ओवर के बाद स्पिनर्स के लिए मददगार साबित होता आया है। बैटर का फुटवर्क अच्छा है तो वह डाउन द ट्रैक काफी स्कोर कर सकता है। शायद यही वजह है कि इंडियन टीम मैनेजमेंट 3 स्पिनर खिलाने पर विचार कर रहा है।

इस स्टेडियम में अभी तक कुल 31 वनडे हुए। पहले और बाद में बैटिंग करने वाली टीमों की जीत का पर्सेंटेज 50-50 है। पहले और बाद में बैटिंग करने वाली टीमों ने 15-15 मुकाबले जीते, एक मैच टाई रहा है। पिछले 4 में से 3 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने जीते।

चेन्नई में 8 अक्टूबर को अधिकतर वक्त मौसम साफ रहेगा। कुछ देर बादल छाए रह सकते है। बारिश की आशंका महज 10% है। इस दौरान हवा की रफ्तार 19 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। प्लेयर्स और दर्शकों के लिए उमस मुश्किल पैदा करेगी। यह 78% रहेगी।

वर्ल्ड कप से पहले भारत को इंग्लैंड और नीदरलैंड के खिलाफ दो वॉर्म-अप मैच खेलने थे। ये दोनों ही बारिश की वजह से नहीं हो सके। दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया ने वॉर्म-अप गेम में पाक को हराया था।

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल/ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन/शार्दूल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह

ऑस्ट्रेलिया : पैट कमिंस (कप्तान), डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन/मार्कस स्टोयनिस, एडम जम्पा, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड