Trending

वर्ल्ड कप : विराट का कमाल, केएल राहुल का विजयी छक्का, भारत की 6 विकेट से जीत

केएल राहुल (नाबाद 97 रन) और विराट कोहली (85 रन) की पारी के बाद रविंद्र जडेजा (तीन विकेट) की धमाकेदार गेंदबाजी से वनडे विश्व कप के पांचवें मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया। इस लो-स्कोरिंग मैच में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले।

पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सीमित स्कोर पर समेट दिया, ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती झटके देते हुए भारत को परेशानी में डाल दिया था। अंत में परिणाम भारत के पक्ष में रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 49.3 ओवरों में 10 विकेट खोकर 199 रन बनाए। टीम के लिए स्टीव स्मिथ ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में आई भारत ने 41.2 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

भारत की तरफ से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 97 रन बनाए। कंगारू टीम की तरफ से जोश हेजलवुड ने सबसे अधिक तीन विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए भी भारत लड़खड़ाती हुई नजर आई।

भारत ने अपने शुरुआती तीनों विकेट 2 रन के स्कोर पर ही गंवा दिए थे। ईशान किशन (0), कप्तान रोहित शर्मा (0) और श्रेयस अय्यर (0) जल्दी आउट हो गए। विराट और राहुल ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 215 गेंदों में 165 रन की अहम पार्टनरशिप करते हुए टीम को जीत दिलाई।

राहुल ने मुश्किल हालातों में भारत के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई। उन्होंने छक्के के साथ जीत की औपचारिकता को पूरा किया।

इस पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से भी नवाजा गया। उन्होंने पारी में 84.35 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 115 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के भी जमाए। यह उनके वनडे करियर का 15वां अर्धशतक रहा।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ कोहली ने अपनी क्षमता का भरपूर उपयोग करते हुए शानदार पारी खेली। उन्होंने लगभग सभी गेंदबाजों को निशाना बनाया।

उन्होंने पारी में 73.28 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 116 गेंदों में ही 85 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके मारे। वनडे विश्व कप में यह उनका 7वां अर्धशतक रहा। इस मंच पर वह अभी तक 2 शतक भी जमा चुके है।

ऑस्ट्रेलिया के अनुभी सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने भी इस मैच में एक खास उपलब्धि अपने नाम की। अपनी पारी के दौरान 8वां रन बनाते ही उन्होंने विश्व कप में 1,000 रन पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बन गए।

उन्होंने सिर्फ 19 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर ली। वार्नर ऑस्ट्रेलिया की तरफ से विश्व कप में 1,000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज भी बन गए।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

भारत के खिलाफ इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल जल्दी आउट हो गए, उन्होंने एक खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पारी का 5वां रन बनाते ही अपने वनडे क्रिकेट करियर में 3,500 रन पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले ऑस्ट्रेलिया के 20वें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने।

मैक्सवेल ने 130 वनडे मैचों की 119 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे अधिक रन पूर्व बल्लेबाज रिकी पोंटिंग (13,589) ने बनाए थे।

भारतीय ऑलराउंडर जडेजा ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय विकेटों का शतक पूरा किया। वह ऐसा करने वाले भारत के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख बल्लेबाज स्मिथ को अपना 100वां शिकार बनाया।

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने घरेलू मैदानों पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट (128) लिए थे। इस सूची में ब्रॉड के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह (105) का नाम है।