वर्ल्ड कप : पहली हार के बाद श्रीलंका की वापसी पर निगाह, आज होगी पाक से टक्कर
वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच दोपहर 2 बजे शुरू होगा। इसके आधे घंटे पहले टॉस होगा। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 156 वनडे खेले गए है।
92 में पाकिस्तान और 59 में श्रीलंका को जीत मिली। 1 मैच टाई रहा, 4 में कोई नतीजा नहीं निकल सका। वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच 7 मैच हुए और हर बार जीत पाकिस्तान को मिली। पिछले महीने एशिया कप में पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों का ही प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। दोनों टीमों को भारत ने आसानी से हराया था।
बाबर आजम की कप्तानी वाली पाक टीम जब वर्ल्ड कप के लिए भारत पहुंची तो उसे दोनों वॉर्म-अप गेम्स (न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) में हार मिली। हां, इस टीम ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को जरूर 81 रन से हराया।

दूसरी ओर श्रीलंका के लिए वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही दिक्कतों का सामना था। दुष्मंथा चमीरा और वनिंदू हसरंगा इंजरी की वजह से टीम से बाहर हो गए।
पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंकाई बॉलिंग को बिल्कुल एक्सपोज कर दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 428/5 का स्कोर बनाया और श्रीलंकाई टीम 326 रन पर सिमट गई।
कप्तान बाबर आजम ने इस साल अभी तक 17 मैच में 750 रन स्कोर किए है। इस दौरान 84 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए। बॉलिंग फ्रंट की बात करें तो स्पीड स्टार हारिस रऊफ इस साल अभी तक काफी कामयाब रहे। उन्होंने 14 मैच में 5.47 की इकोनॉमी के साथ 27 विकेट अपने खाते में दर्ज कराए।
श्रीलंका की ओर से इस साल अभी तक पथुम निसांका बल्ले से सबसे ज्यादा कामयाब रहे। उन्होंने 21 मैच में 2 शतक के साथ कुल 819 रन बनाए। दूसरी ओर गेंदबाजी में महीश तीक्षणा का पलड़ा भारी रहा। तीक्षणा ने 13 मैच में 31 विकेट लिए और उनका इकोनॉमी रेट बेहतरीन (4.50) रहा।
फाइनल से पहले वर्ल्ड कप का सबसे हाई वोल्टेज मैच 14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। पाकिस्तान ने पहले मैच में नीदरलैंड की सबसे कम अनुभवी टीम को हराया था। ‘मेन इन ग्रीन’ का असल इम्तिहान अब शुरू होगा।
हैदराबाद की गर्मी और उमस पाक टीम को भारी पड़ सकती है, श्रीलंकाई प्लेयर्स अपने देश में करीब-करीब इसी तरह के हालात में खेलते है। लिहाजा, मौसम उनके लिए शायद ही परेशानी पैदा करे। दोनों ही एशियाई टीमें हैं और उन्हें इन कंडीशन्स और इस तरह के विकेट्स पर खेलने की आदत है।
हैदराबाद में 10 अक्टूबर को मौसम साफ रहेगा। बारिश की संभावना 10% है। इस दौरान हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। उमस आम दिनों की तुलना में कुछ कम (51%) रहेगी। हवा की रफ्तार कम रहने से उमस ज्यादा महसूस होगी।
पूरे दिन आसमान साफ रहेगा और कम से कम कुदरत की तरफ से इस मैच के पूरा होने की गारंटी है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का विकेट बैटिंग फ्रेंडली माना जाता है। इसलिए उम्मीद है कि यह मैच हाई स्कोरिंग हो सकता है।
पाकिस्तान के दोनों वॉर्म-अप मैचों में यहां 300 से ज्यादा स्कोर हुआ। इस विकेट पर दूसरी पारी में स्पिनर्स को मदद मिलती है। नीदरलैंड के खिलाफ शादाब खान को काफी स्पिन मिला था। श्रीलंका के पास पाकिस्तान से बेहतर स्पिन अटैक है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
पाकिस्तान : फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, हसन अली, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ
श्रीलंका : कुसल परेरा, पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लालागे, मथीश पथिराना, दिलशान मदुशंका और महीश तीक्षणा