आर्कटिक ओपन के दूसरे दौर में श्रीकांत और किरण
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत और किरण जॉर्ज आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष एकल प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए, मिथुन मंजूनाथ को हार मिली।
एशियाई खेल में भारत की रजत पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे श्रीकांत जर्मनी के अपने प्रतिद्वंद्वी मैक्स वीस्किरचेन के मैच के बीच से हटने पर दूसरे दौर में पहुंच गए। जर्मनी का खिलाड़ी जब 6-11 से पीछा था तो उसने मैच से हटने का फैसला किया।

डेनमार्क इंटरनेशनल जीतने वाले किरण ने फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को 73 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में 24-22, 15-21, 21-15 से हराया। श्रीकांत का अगला मैच जापान के केंटा सुनेयामा और इंडोनेशिया के शेसर हिरेन रुस्तावितो के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। किरण अगले दौर में चौथी वरीयता प्राप्त चीन के लू गुआंग जू से खेलेंगे।
मंजूनाथ को चीन के वेंग होंग यैंग के खिलाफ 19-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। साई प्रतीक और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित जोड़ी तथा रुतुपर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा की महिला युगल जोड़ी भी अपने-अपने शुरुआती दौर के मैच हारकर बाहर हो गई।