विश्व कप : डिकॉक के दूसरे शतक से दक्षिण अफ्रीका के 311 रन, जवाब में ऑस्ट्रेलिया के दो विकेट गिरे
क्विंटन डिकॉक (109 रन), एडन मार्क्रम (56 रन) की पारी से वनडे वर्ल्ड कप के लखनऊ में खेले गए पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 312 रन का लक्ष्य दिया है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 311 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया टीम को जीत के लिए 312 रनों की दरकार है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम के समाचार लिखे जाने तक 9.2 ओवर में 2 विकेट पर 42 रन हो गए थे।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने शतक मारते हुए 106 गेंदों पर 109 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 5 छक्के लगाए।

एडन मार्क्रम ने भी अर्धशतक लगाते हुए 44 गेंदों पर 56 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने पहले विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी की। कंगारू टीम की ओर से ग्लेन मैक्सवेल ने 10 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 34 रन देकर 2 विकेट झटके।
इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी डाला। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और कमिंस ने एक-एक विकेट हासिल किया। स्पिनर एडम जम्पा ने भी 10 ओवर में 70 रन देकर एक बल्लेबाज को पवेलियन का रास्ता दिखाया। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने 9 ओवर में 53 देकर 2 विकेट झटके, उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में मात्र 1 ही रन दिया।
बताते चले कि कंगारू टीम अगर आज भी मैच हार जाती है, तो उसके लिए टॉप-4 में जगह बनाना मुश्किल हो जाएगा। इससे पहले पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम भारत के खिलाफ अपना पहला मैच हार चुकी है जबकि दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ अपना पिछला मैच जीता था।