Trending

न्यूजीलैंड को जीतने के लिए बनाने होंगे 246 रन

मुशफिकुर रहीम (66 रन), कप्तान शाकिब अल हसन (40 रन) की पारी से यहाँ बांग्लादेश ने वनडे वर्ल्ड कप में 9 विकेट खोकर 245 रन बनाया।

बांग्लादेश की पारी शुरू में लड़खड़ा गई थी और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 56 रन था। बांग्लादेश 250 रन के करीब पहुंचने में सफल रहा तो उसका श्रेय अपना पांचवा विश्व कप खेल रहे मुशफिकुर रहीम और कप्तान शाकिब अल हसन की 96 रन की साझेदारी और महमूदुल्लाह की नाबाद 41 रन की पारी को जाता है।

अभी तक अपने दोनों मैच जीतने वाले न्यूजीलैंड की ओर से फर्ग्युसन ने 49 रन देकर तीन विकेट झटके। दो अन्य तेज गेंदबाजों ट्रेंट बोल्ट (45 रन देकर दो) और मैट हेनरी (58 रन देकर दो) ने उनका अच्छा साथ दिया।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

बांग्लादेश के लिए शुरूआत कुछ अच्छी नहीं रही। उसने टॉस गंवाया और मैच की पहली गेंद पर फॉर्म में चल रहे लिटन दास का विकेट, जिन्होंने बोल्ट की ओवर पिच गेंद को फ्लिक करके बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच दिया।

दास विश्व कप में मैच की पहली गेंद पर आउट होने वाले छठे बल्लेबाज बने। दूसरे सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन (16) ने फर्ग्युसन की गेंद पर स्क्वायर लेग पर आसान कैच देने से पहले अपनी संक्षिप्त पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए।

मेहदी हसन मीराज (30) पर पारी संवारने का जिम्मा था, लेकिन वह भी फर्ग्युसन की शॉर्ट पिच गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दे बैठे।

केन विलियमसन ने ऐसे में चतुराई दिखाई और कामचलाऊ ऑफ स्पिनर स्पिनर ग्लेन फिलिप्स को आक्रमण पर लगाया जिन्होंने अपनी पहली गेंद पर ही नजमुल हसन शंटो (07) को पवेलियन भेजकर कप्तान का फैसला सही साबित किया।

ऐसे हालातों में रहीम का जवाबी हमला करने का फैसला सही रहा। उन्होंने फिलिप्स पर कदमों का इस्तेमाल करके छक्का और रिवर्स स्वीप से चौका मारकर अपना इरादा बता दिया।

फर्ग्युसन पर लगाया गया उनका छक्का भी दर्शनीय था। इसी गेंदबाज पर चौका जड़कर उन्होंने 52 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

शाकिब ने शुरू में संभलकर बल्लेबाजी की, बाद में उन्होंने रचिन रविंद्र और फर्ग्युसन पर छक्के लगाए। न्यूजीलैंड जल्द ही इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने में सफल रहा।

शाकिब ने फर्ग्युसन के बाउंसर पर विकेटकीपर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दिया, हेनरी ने धीमी ऑफकटर पर रहीम को बोल्ड किया।

बोल्ट ने तौहीद हृदय (13) को कवर पर कैच कराकर वनडे में अपना 200वां विकेट लिया। महमूदुल्लाह ने एक छोर पर टिककर बांग्लादेश को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 49 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। तस्कीन ने दो छक्कों की मदद से 17 रन का योगदान दिया।