आर्कटिक ओपन : सेमीफाइनल में चीनी खिलाड़ी से हार से सिंधु का सफर खत्म
फिनलैंड के वांटा एनर्जिया एरिना में आर्कटिक ओपन बैडमिंटन के महिला एकल सेमीफाइनल मैच में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चीन की वांग झी यी से हारकर बाहर हो गईं। इस हार के साथ टूर्नामेंट में भारत का अभियान खत्म हो गया।
63 मिनट तक चले मैच में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु को इस टूर्नामेंट में पांचवी वरीयता प्राप्त वांग झी यी ने 21-12, 11-21, 21-7 से हराया।
पूर्व विश्व विजेता ने इससे पहले राउंड ऑफ 32 में नोज़ोमी ओकुहारा और राउंड ऑफ 16 में वेन ची सू को हराया था।क्वार्टरफाइनल में सिंधु ने वियतनाम की थ्यू लिन्ह गुयेन को हराकर अगले राउंड में जगह बनाई थी।

बैडमिंटन विश्व रैंकिंग में 13वें नंबर पर काबिज सिंधु के लिए पहले गेम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह शुरू से ही अंक हासिल करने के लिए संघर्ष करती हुई नज़र आईं।
रैंकिंग में 11वें स्थान पर मौजूद वांग झी यी ने शुरू से ही अपनी पकड़ मजबूत रखी और भारतीय शटलर को कड़ी टक्कर दी। चीनी शटलर ने बढ़त को बरक़रार रखते हुए 21-12 से जीता।
ख़िताब की रेस में खुद को शामिल रखने के लिए सिंधु ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की और अपने दमदार स्मैश के ज़रिए 10-4 की बढ़त हासिल की।
सिंधु ने अपनी बढ़त बनाए रखी और वांग झी यी को मौक़ा नहीं दिया। इस गेम को सिंधु ने 21-11 से जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ी जीत हासिल करने के इरादे से कोर्ट पर उतरे। तीसरे गेम में सिंधु ने शुरुआती बढ़त बनाई, चीनी शटलर ने स्मैश के साथ स्कोर को 4-4 से बराबर कर दिया।
वांग झी यी ने भारतीय खिलाड़ी की गलतियों का फायदा उठाते हुए 15-7 से लंबी बढ़त बना ली। सिंधु को काफी संघर्ष करना पड़ा। अपनी बढ़त को बरक़रार रखते हुए चीनी बैडमिंटन खिलाड़ी ने तीसरे गेम को 21-7 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
इससे पहले वांग झी यी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधु की हमवतन आकर्षी कश्यप को भी हराया था। इस सीज़न में पीवी सिंधु ने सेमीफाइनल में चौथी बार अपनी जगह बनाई थी।
सिंधु आर्कटिक ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी थीं। किदांबी श्रीकांत राउंड ऑफ 16 में हारकर बाहर हो गए थे। इस बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 इवेंट के परिणाम, पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग रैंकिंग में गिने जाएंगे।