Trending

वर्ल्ड कप : गुरबाज व इकराम की पारी से अफगानिस्तान ने बनाये 284 रन

रहमानुल्लाह गुरबाज (80 रन), इकराम अलीखिल (58 रन) की पारी से अफगानिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप के मैच में 284 रन बनाये। अफगानिस्तान एक गेंद बाकी रहते आउट हो गई।

टीम के लिए गुरबाज ने 57 गेंद में 80 रन बनाये जिसमें आठ चौके और चार छक्के थे। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत का मैच नहीं होने पर भी अरूण जेटली स्टेडियम पर भारी तादाद में दर्शक थे जो अफगानिस्तान का समर्थन कर रहे थे।

गुरबाज के अलावा इकराम अलीखिल ने 66 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 58 रन बनाये, निचले क्रम पर अनुभवी मुजीबुर रहमान ने 16 गेंद में 28 रन की पारी खेली।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

पहले दोनों मैच हार चुकी अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर ठोस शुरूआत की। पहले दोनों मैचों में नाकाम रहे गुरबाज और इब्राहिम जदरान ने पहले विकेट की साझेदारी में 114 रन जोड़े।

गुरबाज जबरदस्त फॉर्म में थे जिन्होंने तीसरे ही ओवर में क्रिस वोक्स को छक्का लगाकर अपने तेवर जाहिर किये।अफगानिस्तान के 50 रन 39 गेंद में बने। गुरबाज ने नौवें ओवर में सैम कुरेन को कवर्स और स्कवेयर लेग में चौका मारने के बाद मिडविकेट पर छक्का जड़कर 20 रन निकाले।

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कुरेन की जगह आदिल रशीद को गेंद सौंपी। गुरबाज ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर रशीद को चौका लगाकर 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

अफगानिस्तान के सौ रन 77 गेंद में बने। खतरनाक हो रही इस साझेदारी को रशीद ने 17वें ओवर में तोड़ा जब जो रूट को कैच देकर जदरान (28) पवेलियन लौटे। अफगानिस्तान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी।

19वें ओवर में अफगानिस्तान को दोहरे झटके लगे जब रशीद ने चौथी गेंद पर रहमत शाह (3) को आगे बढकर खेलने के लिये ललचाया और बटलर ने स्टम्पिंग करने में कोई चूक नहीं की।

अगली गेंद पर गुरबाज दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए और शतक नहीं बना सके। रशीद की गेंद पर हशमतुल्लाह शाहिदी ने शॉट खेला और रन के लिये दौड़े, मिडविकेट से फील्डर ने जब दूसरे छोर पर गिल्लियां बिखेरी तो डाइव लगाकर भी गुरबाज क्रीज तक नहीं पहुंच सके।

एक समय पर बिना किसी नुकसान के 114 रन के बाद अफगानिस्तान ने चार विकेट 38 रन के भीतर गंवा दिये। अजमतुल्लाह उमरजई (19) को लियाम लिविंगस्टोन ने वोक्स के हाथों लपकवाया।

रूट ने 33वें ओवर की पहली गेंद पर शाहिदी (14) को आउट किया। उनके जाने के बाद आये मोहम्मद नबी ने आते ही चौका लगाया लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके और नौ रन बनाकर मार्क वुड का शिकार हुए।

आईपीएल स्टार स्पिनर राशिद खान के उतरते ही दर्शकों की जबां पर उनका नाम था और हर गेंद पर ‘राशिद राशिद ’ का शोर सुनाई दे रहा था। उन्होंने आते ही रूट को चौका लगाकर दर्शकों को निराश नहीं किया। राशिद (23) को रशीद ने पवेलियन भेजा जिनका डाइव लगाकर दर्शनीय कैच सीमारेखा के पास रूट ने लपका।

इंग्लैंड के लिये रशीद ने दस ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट लिये, मार्क वुड को दो विकेट मिले। कुरेन ने चार ओवर में 46 और क्रिस वोक्स ने चार ओवर में 41 रन दे डाले और दोनों को विकेट नहीं मिले।