वर्ल्ड कप : अफगानिस्तान से हार, सबसे अधिक 11 टीमों से हारने वाला देश बना इंग्लैंड
वर्ल्ड कप के 13वें मैच में जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड को अफगानिस्तान के हाथों शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद इंग्लैंड के नाम विश्व कप के 48 वर्ष के इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
इंग्लैंड वर्ल्ड कप हिस्ट्री में सबसे अधिक 11 टीमों से मैच हारने वाला देश बन गया है। इससे पहले यह शर्मनाक रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम था जो वर्ल्ड कप में सबसे अधिक 10 टीमों से हारा था।
इस हार ने इंग्लैंड को हिलाकर रख दिया है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने अफगानिस्तान को 284 रनों पर ढेर किया था, इस स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लैंड 215 रनों पर ही सिमट गई और उन्होंने यह मैच 69 रनों के अंतर से गंवाया।

वर्ल्ड कप के इतिहास में इंग्लैंड को हराने वाली टीमों की बात करें तो अफगानिस्तान से पहले वह इस मेगा टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भारत, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से हार चुकी है।
दरअसल इस मैच को अफगानिस्तान ने 69 रन से जीता। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रहमानुल्लाह गुरबाज (80) और इकराम अलीखिल (58) के अर्धशतकों से निर्धारित 50 ओवर से एक गेंद पहले 284 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए आदिल रशिद ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके।
285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम को 3 के स्कोर पर पहला झटका जॉनी बेयरस्टो के रूप में लगा वहीं पहले पावरप्ले में टीम ने जो रूट का भी विकेट सस्ते में खोया। इंग्लैंड इन शुरुआती झटकों से उबर पाती इससे पहले अफगानिस्तान ने अपने स्पिनर्स का जाल बुनना शुरू कर दिया।
इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने 66 रनों की सर्वाधिक पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। उनके अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज 40 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके। इंग्लैंड की पूरी टीम 40.3 ओवर में 215 रनों पर ढेर हो गई।
वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा टीमों के खिलाफ हार (टॉप-8 फुल मेंबर टीम):
11 – इंग्लैंड
10- वेस्टइंडीज
9 – दक्षिण अफ़्रीका
8 – ऑस्ट्रेलिया
8 – भारत
8 – पाकिस्तान
8 – श्रीलंका
7 – न्यूज़ीलैंड