वर्ल्ड कप : नीदरलैंड का बड़ा उलटफेर, दक्षिण अफ्रीका को दी शिकस्त
स्कॉट एडवर्ड्स (नाबाद 78 रन) की पारी के बाद लोगन वैन बीक (3 विकेट) की गेंदबाजी से नीदरलैंड ने बारिश से प्रभावित मैच में दक्षिण अफ्रीका को 38 रन से मात देकर वनडे वर्ल्ड कप में दूसरा बड़ा उलटफेर किया है।
नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करने के लिए आई और निर्धारित 43 ओवर में आठ विकेट पर 245 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। एडवर्ड्स ने 69 गेंद पर नाबाद 78 रन बनाए जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल है।

जवाब में कई स्टार प्लेयर्स से सजी दक्षिण अफ्रीका 42.5 ओवर में 207 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की ओर से डेविड मिलर ने 43 और केशव महाराज ने 40 रन बनाए।
नीदरलैंड की ओर से लोगन वान बीक ने तीन, रीलोफ वान डर मर्व, पॉल वान मीकरेन और बास डी लीडे ने दो-दो विकेट झटके। नीदरलैंड ने पिछले वर्ष टी20 विश्व कप में भी दक्षिण अफ्रीका को हराया था।
बारिश की वजह से खेल देर से शुरू हुआ, जिससे मैच को 43 ओवर कर दिया गया। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत काफी खराब रही तथा उसने आठ रन के अंदर चार विकेट गंवाए जिससे उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 36 रन से चार विकेट पर 44 रन हो गया।
पहले दो मैच में शतक मारने वाले क्विंटन डिकॉक (20) आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। कॉलिन एकरमैन ने उन्हें विकेट के पीछे कैच कराया।

वान डर मर्व ने कप्तान तेंबा बावुमा (16) पॉल वान मीकरेन ने एडेन मार्कराम (01) की गिल्लियां बिखेरी। वान डर मर्व ने अगले ओवर में रासी वान डर डुसेन (04) को पवेलियन भेज कर दक्षिण अफ्रीका को गहरे संकट में डाल दिया।
विकेट गिरने का क्रम यहीं पर नहीं थमा। हेनरिक क्लासेन (28) और मार्को यानसेन (09) भी क्रीज पर पर्याप्त समय बिताने के बावजूद मिलर का लंबे समय तक साथ नहीं दे सके। मिलर भी जब 23 रन पर थे तो बास डी लीडे ने वान डर मर्व की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर उनका कैच छोड़ दिया था।
मिलर इसका फायदा नहीं उठा सके और लोगन वान बीक ने उन्हें स्विंग लेती गेंद पर आउट करके दक्षिण अफ्रीका की रही सही उम्मीद भी खत्म कर दी। केशव महाराज ने 37 गेंद पर पांच चौके ऑन और एक छक्का मारकर दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ हार का अंतर भी कम किया।
इससे पहले बादल छाए हुए थे और ऐसे में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन और लुंगी एनगिडी ने अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाकर नीदरलैंड का स्कोर 34वें ओवर में सात विकेट पर 140 रन कर दिया। इन तीनों तेज गेंदबाजों ने दो-दो विकेट झटके।
दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज हालांकि अंतिम ओवरों में रन प्रवाह रोकने में विफल रहे। उन्होंने अंतिम पांच ओवर में 68 रन लुटाए। एडवर्ड्स को निचले क्रम के बल्लेबाजों से अच्छा सहयोग मिला।
उन्होंने रीलोफ वान डर मर्व (19 गेंदों पर 29 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। दसवें नंबर के बल्लेबाज आर्यन दत्त ने नौ गेंद पर नाबाद 23 रन का योगदान दिया।
रबाडा ने मैच की अपनी पहली गेंद पर ही विक्रमजीत सिंह (02) को आउट कर दिया, यानसेन ने उनके सलामी जोड़ीदार मैक्स ओडोउड (18) को छह गेंद बाद पवेलियन का रास्ता दिखाया।
रबाडा ने स्टार ऑलराउंडर बास डी लीडे (02) को पगबाधा आउट किया। इस तरह से नियमित अंतराल में विकेट गंवाने की वजह से नीदरलैंड संकट में दिख रही थी।
एडवर्ड्स और दक्षिण अफ्रीका की ओर से 26 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके वान डर मर्व ने जवाबी हमले की रणनीति अपनाई जो कारगर रही।
एडवर्ड्स ने रबाडा पर पुल करके छक्का लगाया। उन्होंने स्पिनर केशव महाराज पर स्वीप और रिवर्स स्वीप करके रन बटोरे। आर्यन दत्त ने भी अपनी संक्षिप्त पारी में तीन छक्के लगाए।
नीदरलैंड ने अफगानिस्तान की गत विजेता इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत से प्रेरणा लेकर दक्षिण अफ्रीका के विजय अभियान पर रोक लगाई। दक्षिण अफ्रीका ने पहले दो मैच में बड़े अंतर से जीती थी।