भारतीय गेंदबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन, 256 रन ही बना सकी बांग्लादेश
लिटन दास (66 रन), तंज़ीद हसन (51 रन) की पारी से बांग्लादेश ने यहां वनडे वर्ल्ड कप के मैच में आठ विकेट खोकर 256 रन बना सकी। बांग्लादेश का स्कोर एक समय बिना किसी नुकसान के 93 रन था, भारतीय गेंदबाजों ने हार्दिक पंड्या के चोटिल हो जाने के बावजूद उसे बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।
हार्दिक ने नौवें ओवर में गेंद संभाली, लिटन दास के स्ट्रेट ड्राइव को रोकने के प्रयास में उनका टखना मुड़ गया। उन्होंने पहले मैदान पर ही उपचार लिया, आखिर में उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। बीसीसीआई ने बाद में कहा कि हार्दिक को स्कैन के लिए ले जाया गया है।
हार्दिक के ओवर को विराट ने पूरा किया। उस समय तक भारत को पहली सफलता का इंतजार था। कुलदीप यादव ने भारत को पहली सफलता, रविंद्र जडेजा ने दूसरी सफलता दिलाई। बांग्लादेश के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके।

जडेजा ने 10 ओवर में 38 रन देकर दो विकेट झटके और इसके अलावा मुशफिकुर रहीम का डाइव लगाकर शानदार कैच भी लिया। बांग्लादेश की पारी का शुरुआती चरण तंजीद हसन और लिटन दास के नाम रहा। तंजीद 43 गेंद पर 51 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के है। यह वनडे में उनका पहला अर्धशतक है।
लिटन दास ने 82 गेंद पर सात चौकों से 66 रन बनाए, रहीम ने 38 रन की उपयोगी पारी खेली। पारी के अंतिम चरण में महमूदुल्लाह ने 36 गेंद पर 46 रन की आक्रामक पारी खेली जिसने तीन चौके और इतने ही छक्के है। तंजीद और लिटन दास ने 93 रन जोड़े जो विश्व कप में बांग्लादेश की तरफ से पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी और ऐसे में नई गेंद से गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण था। जसप्रीत बुमराह (41 रन देकर दो विकेट) हालांकि हवा में कुछ मूवमेंट हासिल कर रहे थे।
सतर्क शुरुआत के बाद लिटन दास ने छठे ओवर में मोहम्मद सिराज (60 रन देकर दो विकेट) पर दो चौके लगाए, अगले ओवर में तंजीद ने बुमराह पर पारी का पहला छक्का जड़ा। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने इसके बाद तेजी से रन बनाए। उन्होंने पावरप्ले के अंतिम पांच ओवर में 53 रन जोड़े।
यह साझेदारी टूटने के बाद बांग्लादेश ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए जिससे उसका 300 रन के करीब पहुंचने का सपना पूरा नहीं हो पाया।