Trending

भारत-न्यूजीलैंड मैच के टिकट ब्लैक कर रहा युवक अरेस्ट

ऑनलाइन बुकिंग साइट पर बिक चुकी भारत-न्यूजीलैंड मैच के टिकटों की अब कालाबाजारी शुरू हो गई है। स्टेट सीआईडी की टीम ने शुक्रवार को हैदराबाद के एक युवक को टिकट ब्लैक करते पकड़ा।

टीम ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया है। युवक से आठ टिकट और आठ हजार रुपये समेत दो मोबाइल भी बरामद किए है। जानकारी के अनुसार, सीआईडी की टीम रेकी कर रही थी।

इस दौरान एक युवक से टीम ने पूछा कि टिकट कहां से लिया तो उसने आरोपी युवक का नाम लिया। इसके बाद सीआईडी ने आरोपी को स्टेडियम के बाहर दबोच लिया।

युवक टिकटों को चार से पांच गुना महंगे दाम पर बेच रहा था। युवक से बरामद टिकटों के रेट 1,500 से 2,000 के बीच है। सीआईडी आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। एएसपी हितेश लखनपाल ने आरोपी को पकड़ने की पुष्टि की है।

इस मैच को देखने अंबानी परिवार के कुछ सदस्य भी आ रहे है। परिवार के एक सदस्य के धर्मशाला आने की पुष्टि हो गई है। इसके अलावा कई वीआईपी मैच देखने आ रहे है। प्रशासन उनके रहने का इंतजाम करने में जुट गया है। बड़े उद्योगतियों के आने से पर्यटन व्यवसाय को पंख लग सकते है।