विश्व कप : अफगानिस्तान के स्पिनरों से पाकिस्तान को रहना होगा सावधान
वनडे वर्ल्ड कप में अगर पाकिस्तान को वापसी करनी है तो उसे चेपक की धीमी गति के गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही पिच पर सोमवार को होने वाले मैच में अफगानिस्तान के स्पिनरों के आगे सावधानी से खेलना होगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच कल दोपहर 2 बजे शुरू होगा।
पिछले दो मैच में भारत और ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद पाकिस्तान को अपनी उम्मीद जीवंत रखने के लिए इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करने होगी क्योंकि एक और हार से उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को करारा झटका लगेगा।
पाक के चार मैच में चार अंक है और वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -0.456 है जिसमें सुधार करने की जरूरत है।

पाक के बल्लेबाज अब तक स्पिनरों के सामने अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए है जो उसके लिए चिंता का विषय है। बेंगलुरु की बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही पिच पर ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को जूझना पड़ा था।
अफगानिस्तान का स्पिन विभाग काफी मजबूत है जिसमें राशिद खान, मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान जैसे स्पिनर है जो दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को भी परेशानी में डालने में सक्षम है। चेपक की स्पिनरों के लिए अनुकूल पिच पर उनका सामना करना आसान नहीं होगा।
ऐसे में पाकिस्तान के बल्लेबाजों में विशेष कर कप्तान बाबर आजम को अच्छी पारी खेलनी होगी। बाबर टूर्नामेंट में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए है। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान हालांकि अच्छी फॉर्म में चल रहे है और पाकिस्तान का उन पर काफी दारोमदार होगा।
मध्यक्रम के बल्लेबाज सौद शकील और इफ्तिखार अहमद भी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए है। अमूमन देखा गया है कि जब पाकिस्तान के बल्लेबाज नहीं चलते है तो उसके गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करते है, इस बार अब तक उसके गेंदबाजों ने भी निराश किया है।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट लेकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए जो टीम के लिए सकारात्मक पहलू है।
अन्य दो तेज गेंदबाज हारिस राउफ और हसन अली की फॉर्म चिंता का विषय है। पाकिस्तान के पास तेज गेंदबाजों की मदद के लिए अच्छे स्पिनर हुआ करते है।
वर्तमान टूर्नामेंट में बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज तथा लेग स्पिनर शादाब खान और उसामा मीर अभी तक अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरे है।
अफगानिस्तान के बल्लेबाज पाकिस्तान की इस कमजोरी का फायदा उठाने की पूरी कोशिश करेंगे लेकिन सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ सहित उसके प्रमुख बल्लेबाज अब तक निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए है।
इकराम अलीखिल, अज़मतुल्लाह उमरज़ई और हशमतुल्लाह शाहिदी ने अब तक टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता लाने की जरूरत है।
जहां तक आंकड़ों की बात है तो इन दोनों टीमों के बीच अब तक सात मैच खेले गए है और इन सभी मैच में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रियाज हसन, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी, अब्दुल रहमान और नवीन उल हक।
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, फखर जमां, इमाम उल हक, अब्दुल्ला शफीक, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, सलमान अली आगा, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, हारिस रऊफ, हसन अली , शाहीन अफरीदी और मोहम्मद वसीम।