Trending

4.3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने ओटीटी पर लाइव देखा भारत-न्यूजीलैंड मैच

वर्ल्ड कप में भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच ने व्यूअरशिप के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। इसे डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिकॉर्ड 4.3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लाइव देखा। ओटीटी पर अभी तक किसी भी क्रिकेट मैच को इतने लोगों ने लाइव कभी नहीं देखा था।

भारत-न्यूजीलैंड के इस मैच ने इसी वर्ल्ड कप में बने भारत-पाकिस्तान के रिकॉर्ड को तोड़ा है। इस मैच को 3.5 करोड़ लोगों ने ओटीटी पर देखा था।

क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट से तुलना करें तो ओटीटी पर व्यूअरशिप के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 2023 का आईपीएल फाइनल तीसरे नंबर पर है। इसे 3.2 करोड़ दर्शकों ने देखा था।

विश्व कप मैचों के ब्रॉडकास्ट राइट्स स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। इसके अलावा फैन्स डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते है।

ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने 9 जून को ऐलान किया था कि यूजर्स ऐप पर एशिया कप 2023 और आईसीसी पुरुष क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप के सभी मैच फ्री में देख सकेंगे।

हॉटस्टार अपनी व्यूअरशिप बढ़ाने के लिए मुकेश अंबानी के जियो सिनेमा का तरीका आजमा रहा है। ऐसा करके डिज्नी+हॉटस्टार जियो सिनेमा की इंडिया में ग्रोथ को चैलेंज करना चाहता है। जियो सिनेमा ने आईपीएल 2023 के सभी मैच फ्री में दिखाए थे, जिससे कंपनी को रिकॉर्ड व्यूअरशिप मिली थी।

डिज्नी+हॉटस्टार भी अब एशिया कप और वर्ल्ड कप के सभी मैच फ्री में दिखाकर रिकॉर्ड व्यूअरशिप हासिल करना चाहता है। यूजर्स जो डिज्नी+हॉटस्टार ऐप यूज करते है, उन्हें वर्ल्ड कप के सभी मैच देखने के लिए किसी सब्सक्रिप्शन की जरूरत नहीं होगी।

अंबानी के मीडिया वेंचर ने आईपीएल के डिजिटल राइट्स हासिल करने के लिए डिज्नी+हॉटस्टार समेत अन्य कई कंपनियों को पीछे छोड़ दिया था। भारत में डिज्नी+हॉटस्टार के पेड सब्सक्राइबर्स लगातार कम हो रहे है।