Trending

इंग्लैंड के खिलाफ हार्दिक पंड्या के खेलने पर संशय बरकरार

इंग्लैंड के खिलाफ मैच में चोटिल हार्दिक पंड्या के खेलने पर संशय जारी है। अभी बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि नहीं की है। हालांकि क्रिकेट की एक बेवसाइट ने दावा किया है कि 29 अक्टूबर को लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच में हार्दिक पंड्या नहीं खेलेंगे।

वेबसाइट ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया है कि हार्दिक के लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ अगला मैच मिस करने की संभावना है। उनकी चोट गंभीर नहीं है, एहतियात के तौर पर ऐसा किया जा रहा है।

पंड्या धर्मशाला में 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में भी नहीं खेले थे। वे अभी नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे है। हार्दिक बांग्लादेश के खिलाफ 19 अक्टूबर को खेले गए मैच में चोटिल हो गए थे। पंड्या 9वें और अपने पहले ओवर में चोटिल हो गए थे।

तीसरी गेंद पर हार्दिक का टखना मुड़ा और वह क्रीज पर बैठ गए। मेडिकल टीम ने चोट देखी और उन्हें मैदान से बाहर ले कर गए। हार्दिक की जगह विराट बॉलिंग करने आए। उन्होंने 3 बॉल में 2 रन दिए।

पंड्या 22 अक्टूबर को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच के लिए पुणे से टीम के साथ नहीं गए। वे पुणे से नेशनल क्रिकेट अकादमी में चले गए। अभी वह एनसीए में ही डॉक्टरों की निगरानी में रिहैब कर रहे है। वर्ल्डकप में अब तक खेले 4 मैचों में 6.84 की इकोनॉमी रेट से 5 विकेट ले चुके है। वहीं उन्होंने 11 रन भी बनाए है।