इस मामले में विराट ने की सचिन की बराबरी
इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में भारतीय फैन्स विराट कोहली के वनडे करियर की 49वीं सेंचुरी की बाट जोह रहे थे। अगर विराट ऐसा करते तो वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सेंचुरी जमाने के सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेते।
शतक बनाना तो दूर विराट 1 रन भी नहीं बना सके। वे 9 गेंद पर 0 पर आउट हो गए। इसके बावजूद उन्होंने सचिन के यूनीक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
विराट इंटरनेशनल क्रिकेट में 513 मैचों की 569 पारियों में 34वीं बार जीरो पर आउट हुए हैं। सचिन 664 मैचों की 782 पारी में 34 बार जीरो पर आउट हुए थे।

ये दोनों ही सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी नहीं हैं। यह रिकॉर्ड जहीर खान के नाम है। जहीर 309 मैचों की 232 पारियों में 44 बार जीरो पर आउट हुए हैं। जहीर 43 बार भारत की ओर से खेलते हुए और 1 बार एशिया-11 की ओर से खेलते हुए जीरो पर आउट हुए हैं।
ईशांत शर्मा 199 मैचों की 173 पारियों में 40 बार जीरो पर आउट हुए हैं। हरभजन सिंह 367 मैचों की 37 पारियों में जीरो पर आउट हुए। इन तीनों के बाद विराट और सचिन का नाम आता है।
विराट को सचिन के वनडे क्रिकेट में 49 शतक की बराबरी के लिए अगले मैच का इंतजार करना पड़ेगा । सचिन के नाम 463 मुकाबलों में 49 शतक हैं। विराट आज अपना 287वां वनडे खेल रहे हैं।
विराट आज सेंचुरी लगाकर लिमिटेड ओवर्स में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी बनने से भी चूक गए। कोहली के वनडे में 48 और टी-20 में एक शतक है, यानी कुल 49 सेंचुरी।
विराट के लिमिटेड ओवर्स यानी व्हाइट बॉल क्रिकेट में 50 शतक पूरा करने करने के लिए 2 नवंबर को भारत और श्रीलंका मैच का इंतजार करना पड़ेगा।
सचिन के नाम 463 वनडे और एक टी-20 मैच में 49 शतक हैं। विराट ने 286 वनडे और 115 टी-20 मुकाबलों में ही इतने शतक लगा दिए हैं।
विराट वैसे तो चेज मास्टर हैं, वनडे में रनों का पीछा करते हुए उनके नाम सबसे ज्यादा 27 शतक हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद सचिन सेंचुरी के मामले में कोहली के आसपास भी नहीं हैं, जिनके नाम 17 सेंचुरी हैं, विराट आज पहली पारी में शतक लगाकर भी एक रिकॉर्ड बना सकते थे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए उनके नाम 21 शतक हैं, आज सेंचुरी लगाकर वह दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला को पीछे छोड़ सकते थे। अमला के नाम भी पहली पारी में 21 सेंचुरी ही हैं।
आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट में कोहली आज क्रिस गेल से ज्यादा रन बना सकते थे। वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में कोहली के नाम 3 सेंचुरी समेत 1913 रन हैं।
वह 65 रन बनाते ही क्रिस गेल को इस मामले में पीछे कर देते। गेल के नाम 52 मुकाबलों में 1977 रन हैं। इस रिकॉर्ड में सचिन टॉप पर हैं, जिनके नाम महज 61 मैचों में 2719 रन हैं।
विराट आज 78 रन बनाकर वर्ल्ड कप 2023 के टॉप रन स्कोरर भी बन सकते थे। उनके इस टूर्नामेंट के 6 मैचों में 354 रन हैं। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक 6 मैचों में 431 रन बनाकर टॉप पर हैं।
बुमराह के पास आज टूर्नामेंट में टॉप विकेट टेकर पोजिशन पर पहुंचने का अवसर है। उनके नाम 5 मैचों में 11 विकेट हैं, ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा 6 मैचों में 16 विकेट लेकर टॉप पर हैं। बुमराह को पहले नंबर पर पहुंचने के लिए आज 6 विकेट लेने होंगे। यह कठिन होगा, लेकिन असंभव नहीं।
इंग्लैंड के खिलाफ 2003 वनडे वर्ल्ड कप के मैच में भारतीय पेसर आशीष नेहरा ने 6 विकेट लिए थे। वर्ल्ड कप में वह आखिरी मौका था जब भारत ने इंग्लैंड को हराया था।