Trending

अफगानिस्तान की उम्मीद कायम, जीत में इन खिलाड़ियों ने दिखाया कमाल

अजमतुल्लाह ओमरजई (नाबाद 73 रन), रहमत शाह (62 रन), कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (नाबाद 58 रन) की पारी के बाद तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी (4 विकेट) की गेंदबाजी से अफगानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप में यहां श्रीलंका को सात विकेट से मात दी।

इस जीत से अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद जगा दी। श्रीलंका के 242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने अजमतुल्लाह ओमरजई की 63 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 73 रन की पारी के अलावा

कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (74 गेंद में नाबाद 58, दो चौके, एक छक्का) के साथ उनकी चौथे विकेट की 111 रन की अटूट साझेदारी से 45.2 ओवर में तीन विकेट पर 242 रन बनाकर जीत हासिल की।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

हशमतुल्लाह ने इससे पहले रहमत शाह (62) के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 48 रन देकर दो विकेट झटके।

श्रीलंका इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फारूकी (34 रन देकर चार विकेट) और स्पिनर मुजीब उर रहमान (38 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 49.3 ओवर में 241 रन पर सिमट गई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

श्रीलंका के लिए सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका ने 46 रन बनाए। कप्तान कुसाल मेंडिस ने 39, सदीरा समरविक्रम ने 36 रन की पारी खेली। निचले क्रम में महीश तीक्षणा ने 29, अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज ने 23 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान ने पहले ओवर में ही रहमानुल्लाह गुरबाज का विकेट गंवा दिया, टीम के रनों का खाता भी नहीं खुला था। उन्हें मदुशंका ने आउट किया।

सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (39) और रहमत ने इसके बाद 73 रन की साझेदारी करके पारी के संवारा। जादरान ने मदुशंका पर पारी का पहला चौका मारा, रहमत ने कासुन रजिता की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। जादरान ने भी रजिता की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।

अफगानिस्तान के रनों का अर्धशतक 10 ओवर में पूरा हुआ। जादरान और रहमत ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी तथा रन गति को बनाए रखा।

मेंडिस ने मदुशंका पर भरोसा जताया और उन्होंने अपने कप्तान को निराश नहीं करते हुए उछाल लेती गेंद पर जादरान को थर्ड मैन पर दिमुथ करूणारत्ने के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 57 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का मारा।

रहमत और हशमतुल्लाह ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर पारी को आगे बढ़ाया। हशमतुल्लाह ने दुष्मंता चमीरा पर छक्का मारा। अफगानिस्तान के रनों का शतक 22वें ओवर में पूरा हुआ।

रहमत ने महीश तीक्षणा पर चौके और फिर चमीरा पर एक रन के साथ 61 गेंद में 25वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने धनंजय डिसिल्वा पर चौके से कप्तान के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की, रजिता की गेंद पर मिड ऑन पर करूणारत्ने को कैच थमा बैठे।

इससे एक गेंद पहले बैकवर्ड प्वाइंट पर समरविक्रम ने उन्हें जीवनदान दिया था। उन्होंने 74 गेंद की अपनी पारी में सात चौके मारे। अजमतुल्लाह शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे। उन्होंने तीक्षणा और चमीरा पर छक्के मारने के बाद मदुशंका की गेंद को भी बाउंड्री के पार भेजा।

अफगानिस्तान को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 41 रन की जरूरत थी और उसे इसे हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। हशमतुल्लाह ने मदुशंका की गेंद पर एक रन के साथ 67 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, अजमतुल्लाह ने रजिता पर एक रन के साथ 50 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे श्रीलंका के लिए निसांका अच्छी लय में दिखे। कुसाल परेरा की जगह टीम में जगह बनाने वाले सलामी बल्लेबाज दिमुथ करूणारत्ने को अफगानिस्तान की सटीक गेंदबाजी के सामने जूझना पड़ा।

फारूकी ने छठे ओवर में करूणारत्ने को पगबाधा करके अफगानिस्तान को पहली सफलता दिलाई। मैदानी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया था, डीआरएस लेने पर अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। करूणारत्ने ने 15 रन बनाए।

निसांका और मेंडिस ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करके पारी को संवारा। निसांका ने 13वें ओवर में तेज गेंदबाज नवीन उल हक पर शानदार चौका जड़ा।

निसांका जब अपने पांचवें अर्धशतक के नजदीक थे तब तेज गेंदबाज अजमत ओमरजई की गेंद पर विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे। उन्होंने 60 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे।

अफगनिस्तान के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा और रन गति कभी पांच रन प्रति ओवर से अधिक नहीं हुई। मुजीब, अपना 100वां वनडे खेल रहे राशिद खान (50 रन पर एक विकेट) और मोहम्मद नबी की स्पिन तिकड़ी ने श्रीलंका के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया।

समरविक्रम और मेंडिस पर रन गति बढ़ाने का दबाव साफ दिखा। कप्तान मेंडिस अंतत: बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मुजीब की गेंद पर नजीबुल्लाह जादरान को कैच दे बैठे। मुजीब ने समरविक्रम को पगबाधा करके 30वें ओवर में श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 139 रन किया।

चरिथ असलंका (22), धनंजय डिसिल्वा (14) और दुष्मंता चमीरा (01) प्रभावी पारियां खेलने में नाकाम रहे, मैथ्यूज और तीक्षणा ने आठवें विकेट के लिए 45 रन जोड़कर टीम का स्कोर 250 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत से अफगानिस्तान छह मैच में तीन जीत से छह अंक के साथ पांचवें स्थान पर आ गई है। श्रीलंका इतने ही मैचों में दो जीत से चार अंक के साथ छठे स्थान पर है।