Trending

फखर जमां व गेंदबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन, पाकिस्तान की 7 विकेट से जीत

फखर जमां (81 रन) की पारी के बाद शाहीन शाह अफरीदी (3 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद से यहां पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सात विकेट से मात देकर बाहर किया और सेमीफाइनल में पहुंचने की हल्की उम्मीद जीवंत रखी।

शाहीन की अगुवाई वाले तेज गेंदबाजी आक्रमण से पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने आई बांग्लादेश को 45.1 ओवर में 204 रन पर समेट दिया।

पाकिस्तान ने जमां की 74 गेंद में सात छक्के और तीन चौके से 81 रन तथा अब्दुल्लाह शफीक की 69 गेंद में 68 रन (नौ चौके, दो छक्के) की अर्धशतकीय पारी से 32.3 ओवर में तीन विकेट पर 205 रन बनाकर जीत दर्ज की।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

दोनों की शानदार बल्लेबाजी देखकर लग रहा था कि ये दोनों ही मैच खत्म कर देंगे, इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की भागीदारी का अंत बांग्लादेश के ऑफ स्पिनर मेहदी हसन मिराज (नौ ओवर में 60 रन देकर तीन विकेट) ने किया, जिन्होंने पाकिस्तान की पारी के तीनों विकेट झटके।

पाकिस्तान की यह सात मैचों में तीसरी जीत है और उसने चार मैचों में हार के बाद जीत हासिल की है जिससे उसकी सेमीफाइनल की मामूली सी उम्मीद है। अब उसका मैच चार नवंबर को न्यूजीलैंड से होगा और टीम का लीग अभियान 11 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ मैच से समाप्त होगा।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

बांग्लादेश को इस तरह लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा जिससे कप्तान शाकिबुल हसन की टीम दो मैच रहने के बावजूद आधिकारिक रूप से 10 टीम के वैश्विक टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बनी। अब बांग्लादेश का सामना अंतिम दो मैचों में श्रीलंका और आस्ट्रेलिया से होगा।

पाकिस्तान की नये लुक की सलामी जोड़ी ने सतर्कता से शुरुआत की और पहले तीन ओवर में बांग्लादेश के गेंदबाज शोरीफुल इस्लाम और तास्किन अहमद के खिलाफ दो मेडन ओवर दिये। इस जोड़ी ने बांग्लादेशी गेंदबाजों पर हावी होना शुरु किया और पावरप्ले में बिना विकेट गंवाये 52 रन बना लिये।

दोनों ने आक्रामक रूख अपनाया और जमां ने तास्किन अहमद पर स्कावयर लेग में 99 मीटर ऊंचा छक्का मार दिया। शफीक ने भी मुस्तफिजुर रहमान पर लगातार तीन चौके मारे और 51 गेंद में अपना तीसरा वनडे अर्धशतक लगाया।

जमां ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तास्किन पर बड़ा छक्का मारकर 51 गेंद में अपना 16वां वनडे अर्धशतक जड़ा। वह अपने शतक से चूक गये और मेहदी हसन मिराज का तीसरा शिकार बने।

कप्तान बाबर आजम 16 गेंद खेलकर नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गये। मोहम्मद रिजवान ने नाबाद 26 और इफ्तिखार अहमद ने नाबाद 17 रन बनाकर पाकिस्तान को 107 गेंद रहते जीत दिलाई।

शाहीन ने बांग्लादेश के शीर्ष क्रम को चरमराते हुए तीन विकेट झटके जिससे वह वनडे में पाकिस्तान के लिए सबसे तेज 100 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गये।

मोहम्मद वसीम जूनियर ने पुछल्ले बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर 8.1 ओवर में एक मेडन से 31 रन देकर तीन विकेट झटके जिससे बांग्लादेश पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी।

शाहीन भले ही घुटने की चोट से उबरने के बाद पहले जितनी तेज रफ्तार से गेंद नहीं डाल पा रहे हों, इस 23 साल के गेंदबाज ने ईडन गार्डन्स की सपाट पिच पर चतुराई भरे ‘वैरिएशन’ से गेंदबाजी कर स्विंग हासिल की।

शाहीन ने अतिरिक्त उछाल और स्विंग से तंजिद हसन को पगबाधा आउट किया जो उनका वनडे में 100वां विकेट था। वह इस तरह सकलेन मुश्ताक को पछाड़कर उनसे दो पारियां पहले पाकिस्तान की ओर से सबसे तेज 100 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गये।

उसामा मीर ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर डाइव करते हुए शानदार नीचा कैप लपका जिससे शाहीन ने दो ओवर में दो विकेट झटके। महमूदुल्लाह ने 70 गेंद में 56 रन (छह चौके, एक छक्का) की जिम्मेदाराना पारी नहीं खेली होती और लिटन दास (64 गेंद, 45 रन) के साथ 79 रन की भागीदारी नहीं निभायी होती तो बांग्लादेश इस स्कोर से पहले ही ढेर हो गई होती।

बांग्लादेश ने 2.4 ओवर में छह रन पर दो विकेट गंवा दिये थे, जिसके बाद हारिस रऊफ ने मुश्फिकुर रहीम को आउट कर स्कोर तीन विकेट पर 23 रन कर दिया।

महमूदुल्लाह ने पारी को संभाला जिन्हें पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। शाहीन को गेंदबाजी से हटाने के बाद पाकिस्तानी टीम दोनों ओर से दबाव बनाने में असफल रही जिससे लिटन और महमूदुल्लाह को तेजी से उबरने का अवसर मिल गया।

इन दोनों ने वसीम जूनियर पर दो चौके मारे, मीर के भी पहले ओवर में एक चौका जड़ा। इस समय बांग्लादेश सहज दिख रही थी, ऑफ स्पिनर इफ्तिखार अहमद (44 रन देकर एक विकेट) ने लिटन को आउट कर अपनी टीम को अहम विकेट दिलाया।

शाहीन ने बेहतरीन गेंद पर महमूदुल्लाह को बोल्ड किया। बांग्लादेश के कप्तान शाकिबुल हसन ने भागीदारी बनाने का प्रयास किया, हारिस रऊफ (36 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर आउट हो गये।