बेंगलुरू एफसी के खिलाफ ओडिशा की शानदार जीत
ओडिशा ने इंडियन सुपर लीग 2023-24 में दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए बेंगलुरू एफसी को 3-2 से हराया।
मंगलवार को कलिंगा स्टेडियम में हुए मैच में मेजबान ओडिशा एफसी की शानदार जीत में मिडफील्डर लालथाथांगा खवल्रिंग (पुतिया) ने 23वें, लेफ्ट विंगर इसाक वनलालरुआतफेला ने 45वें और राइट-बैक अमय रनावड़े ने 60वें मिनट में गोल दागे।
बेंगलुरु के लिए सुनील छेत्री ने 8वें मिनट में और रेयान विलियम्स ने 18वें मिनट में गोल किया। राइट-बैक अमय रनावड़े को निर्णायक गोल करने और डिफेंस में मजबूत खेल दिखाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

शानदार वापसी के बाद ओडिशा की जीत से स्पेनिश हेड कोच सर्जियो लोबेरा बेहद प्रसन्न होंगे, क्योंकि उनकी टीम ने पिछले तीन मैचों में जीत की स्थिति से मैच नहीं गंवाया।
ओडिशा एफसी पांच मैचों में दो जीत, एक ड्रा और दो हार से सात अंक लेकर तालिका में आठवें से छठे स्थान पर आ गई है।
दो गोल की बढ़त के बावजूद ब्लूज द्वारा मैच गंवाने से इंग्लिश हेड कोच साइमन ग्रेसन निराश होंगे।
बेंगलुरू एफसी पांच मैचों में एक जीत, एक ड्रा और तीन हार से चार अंक लेकर दसवें स्थान पर है। यह आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 14वां मैच था और आज ओडिशा एफसी ने छठवीं बार जीत दर्ज की, बेंगलुरू एफसी ने सात मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच एकमात्र ड्रा खेला गया।