Trending

पैरा एशियन गेम्स कांस्य विजेता अरुणा तंवर का जोरदार स्वागत, जाने फ्यूचर प्लान

लखनऊ। चीन के हांगझाऊ में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में कांस्य पदक विजेता भारतीय खेल प्राधिकरण (क्षेत्रीय केंद्र) लखनऊ एनसीओई की पैरा ताइक्वांडो प्रशिक्षु अरुणा तंवर का आज वापसी पर साई सेंटर में जोरदार स्वागत किया गया।

पैरा एशियन गेम्स में हासिल की थी सफलता

दूसरी ओर इस स्वागत से खुश दिख रही अरुणा तंवर ने भी भरोसा जताया कि यह कांस्य पदक आगे आने वाले अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए टॉनिक का काम करेगा। अरुणा का ध्यान अब इंटरनेशनल सर्किट में चमक बिखेरने का है ताकि वो पेरिस पैरालंपिक में भी भारत का परचम बुंलद करने का सपना साकार कर सके।

अरुणा तंवर की निगाह आगामी इंटरनेशनल टूर्नामेंटों के साथ अब पेरिस पैरालंपिक पर निगाह

अरुणा ने पैरा एशियन गेम्स में महिला के-44 क्योरगी के अंडर-47 किग्रा भार वर्ग में रेपचेज राउंड में चीन की चेन टांग को नजदीकी मुकाबले में 13-12 से हराकर ये सफलता हासिल की थी। इससे पहले नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने भी अरुणा और उसकी कोच संध्या भारती को बधाई दी थी।

आज वापसी के बाद साई लखनऊ में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व अन्य कर्मियों ने बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की और इसके साथ ही इन गेम्स में अरुणा की कोच रही संध्या भारती की सराहना की।

साई लखनऊ के निदेशक आत्म प्रकाश ने गेम्स के सहायक स्टॉफ राहुल गुप्ता को भी उनके योगदान के लिए बधाई दी। अरुणा के अलावा साई लखनऊ के प्रशिक्षु मुस्कान, वीना अरोड़ा और उत्तर प्रदेश के रंजन ने भी चुनौती पेश की थी लेकिन कोई पदक नहीं जीत सके थे।

अरुणा तंवर ने इससे पहले अरुणा तंवर ने ओशनिया पैरा ताईक्वांडो चैंपियनशिप, ऑस्ट्रेलियन ओपन पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप एवं प्रेसिडेंट कप 2023 में लगातार तीन स्वर्ण पदक व इजिप्ट ओपन पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रजत पदक जीते है। अरुणा ने टोक्यो पैरालंपिक-2020 में भारत का प्रतिनिधत्व करते हुए अंतिम आठ तक का सफर तय किया था।

हरियाणा के भिवानी जिले के गांव डिनोद में नरेश कुमार व सोनिया देवी की संतान अरुणा के पिता पेशे से ड्राइवर है।अरुणा के हाथों की लंबाई सामान्य हाथों से काफी कम है। हाथ में सिर्फ दो ही अंगूली हैं।

अरुणा भिवानी के सरकारी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ रही थी तब स्कूल आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाते थे। वहां से उसको ताइक्वांडो की लगन लगी और फिर उसने 2017 में रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में अशोक तंवर से प्रशिक्षण लेना शुरू किया।

लगातार पांच बार नेशनल और सात बार स्टेट लेवल चैंपियन रही अरुणा ने कोरिया किमांग कप इंटरनेशनल पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2018 में स्वर्ण पदक, फोर्थ ताइक्वांडो चैंपियनशिप वियतनाम में 2021 में रजत और एशियन रीजन प्रिसिडेंट कप 2019 में में रजत पदक जीता था।