Trending

नीदरलैंड के खिलाफ सात विकेट से जीत, अफगानिस्तान अब तालिका में पांचवें स्थान पर

लखनऊ : कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (नाबाद 56) और रहमत शाह (52) के अर्धशतकों के बाद मोहम्मद नबी (3 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से अफगानिस्तान ने यहां इकाना स्टेडियम में विश्व कप के 34वें मैच में नीदरलैंड को 7 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को बनाए रखा।

वर्ल्ड कप

अफगानिस्तान के सात मैचों में 8 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए पांचवें नंबर पर आ गया है। पाकिस्तान के 7 मैचों में 6 अंक हैं।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

मैच में नीदरलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.3 ओवरों में 179 रनों पर ढेर हो गई, जवाब में अफगानिस्तान ने 31.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 181 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और छठें ओवर में 27 के कुल स्कोर पर लोगन वान बीक ने रहमानुल्लाह गुरबाज को विकेटकीपर और कप्तान एडवर्ड्स के हाथों कैच कराकर नीदरलैंड को पहली सफलता दिलाई।

गुरबाज ने 11 गेंदों पर 2 चौकों से 10 रन बनाए। इब्राहिम जादरान और रहमत शाह ने अफगानी पारी को 50 के पार पहुंचाया। 11वें ओवर में 55 के कुल स्कोर पर वेन डेर मर्वे ने जादरान को आउट कर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया। जादरान ने 34 गेंदों में 2 चौकों से 20 रन बनाए।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

रहमत शाह और हशमतुल्लाह शाहिदी ने संभलकर खेलते हुए अपनी टीम को 100 रनों के पार पहुंचाया। अफगानिस्तान ने 84 मिनट और 112 गेंदों पर अपने 100 रन पूरे किये।

इस दौरान रहमत शाह ने 47 गेंदों पर 8 चौकों से अपना अर्धशतक पूरा किया। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 77 गेंदों पर 74 रनों की साझेदारी की।

इस साझेदारी को 23वें ओवर में सादिक जुल्फिकार ने रहमत शाह को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर तोड़ा। रहमत ने 54 गेंदों पर 8 चौकों से 52 रन बनाए। तीसरा विकेट 129 रन के कुल स्कोर पर गिरा।

इस विकेट के बाद अजमतुल्लाह उमरजई और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने संभलकर खेलते हुए अफगानिस्तान को 7 विकेट से जीत दिलाई। उमरजई 31 और शाहिदी 56 बनाकर नाबाद रहे।

नीदरलैंड की ओर से वेन डेर मर्वे, सादिक जुल्फिकार और वेन बीक ने 1-1 विकेट लिया। इससे पहले स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग से अफगानिस्तान ने नीदरलैंड को 46.3 ओवर में 179 रनों पर समेट दिया।

नीदरलैंड की तरफ से साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट ने 58 रन की पारी खेली। उनके अलावा मैक्स ओडाउड ने 42 और कॉलिन एकर मेन ने 29 रन बनाए। इस मैच में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी।

टीम की शुरुआत खराब रही और वेस्ली बारेसी पहले ही ओवर में चलते बने। मुजीब उर रहमान ने बारेसी को एलबीडब्ल्यू किया। बारेसी ने 1 रन बनाए।

मैक्स ओडाउड और कॉलिन एकरमेन ने दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की। यह साझेदारी मैक्स ओडाउड के रन आउट होने से टूटी। मैक्स ओडाउड 42 रन बनाकर अजमतुल्लाह के सीधे थ्रो पर रन आउट हुए।

19वें ओवर में एकरमेन भी 29 रन बनाकर राशिद खान की थ्रो पर रन आउट हुए। एकरमेन ने 29 रन बनाए। एकरमेन के आउट होने के बाद कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (00), बेस डी लीडे (03) और साकिब जुल्फिकार (03) जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए और 26 ओवर के खत्म होने पर नीदरलैंड का स्कोर 6 विकेट पर 113 रन हो गया।

31वें ओवर में 134 के कुल स्कोर पर मोहम्मद नबी ने लोगन वेन बीक को स्टम्प आउट कराकर नीदरलैंड का सातवां झटका दिया। साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट ने नूर अहमद की दो गेंदों पर लगातार दो चौके मारकर 74 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

34वें ओवर में 152 के स्कोर पर साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट रन आउट हो गए। उन्होंने 86 गेंदों में 6 चौकों से 58 रन बनाए। नीदरलैंड की तरफ से मैच में यह तीसरा रन आउट था। 42वें ओवर में 169 के कुल स्कोर पर नूर अहमद ने रिलोफ वेन डर मर्वे को इब्राहिम जादरान के हाथों कैच कराकर अफगानिस्तान को नौवां झटका दिया। मर्वे ने 33 गेंदों 11 रन बनाए।

47वें ओवर में 179 के कुल स्कोर पर मोहम्मद नबी ने पॉल वेन मिकरेन को एलबीडब्ल्यू आउट कर नीदरलैंड की पारी को खत्म किया। आर्यन दत्त 10 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद नबी ने 3, नूर अहमद ने 2 और मुजीब उर रहमान ने 1 विकेट लिया। नीदरलैंड के 4 बल्लेबाज रन आउट हुए।