Trending

वर्ल्ड कप : चोटिल हार्दिक पांड्या बाहर, प्रसिद्ध कृष्णा टीम में शामिल

वर्ल्ड कप के बीच भारत को तब बड़ा झटका लगा, जब टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पूरे टूर्नामेंट के लिए बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी है।

वर्ल्ड कप के चौथे मैच के दौरान हार्दिक को एंकल इंजरी हुई थी। बीसीसीआई ने उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को फाइनल 15 में जगह दी है। आईसीसी ने इस रिप्लेसमेंट को मंजूरी दे दी है।

हार्दिक को बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में हुए मैच में गेंदबाजी करते हुए स्ट्रेट ड्राइव को रोकते समय चोट लगी थी। वे स्कैन के लिए गए थे, जहां पाया गया था कि उनको कुछ इंजेक्शन लगेंगे और कुछ दिन के बाद वे मैदान पर लौट सकते हैं।

@ICC

चोट के इलाज के लिए हार्दिक को बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी ले जाया गया था, जहां उनका इलाज चला और वे नेट्स में भी दिखे। इस दौरान उन्होंने 3 मैच किए, वे पूरी तरह इस दौरान ठीक नहीं हुए।

एंकल इंजरी से उबर नहीं पाने के चलते बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट की मांग आईसीसी की टेक्निकल कमेटी से की, जिसे मंजूर कर लिया गया है। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है।

चिंता अब इस बात की है कि टीम में छठे गेंदबाज की भूमिका कौन निभाएगा। टीम के लिए अभी तक छठे गेंदबाज की जरूरत नहीं पड़ी है, क्योंकि मोहम्मद शमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पिछले तीन मैचों में कुल 14 विकेट झटके हैं।

प्रसिद्ध कृष्णा की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए केवल 19 व्हाइट बॉल क्रिकेट के मैच खेले हैं। उन्हें अंतिम बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तब देखा गया था जब उन्होंने वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ ओवरों में 45 रन देकर एक विकेट हासिल किया था।

उस मैच में उन्होंने डेविड वॉर्नर को चलता किया था। कृष्णा ने 33 अंतरराष्ट्रीय विकेट अब तक चटकाए हैं और वे अब भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण (जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज) का हिस्सा होंगे।

भले ही भारत को अब तक हार्दिक की चोट से कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ा हो, वह जिस तरह का कॉम्बिनेशन टीम को मुहैया कराते हैं, वह एक विनिंग कॉम्बिनेशन से कम नहीं है।

वे जब बल्लेबाजी के लिए आते हैं तो प्रोपर बैटर लगते हैं और गेंदबाजी के लिए आते हैं तो प्रोपर बॉलर नजर आते हैं। फील्डिंग भी उनकी दमदार है। ऐसे में अगर भारत 6 बैटर और पांच बॉलर्स के साथ उतरेगी तो किसी मैच में अगर छठे गेंदबाज की जरूरत हुई तो बड़ा नुकसान हो सकता है।