Trending

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पलटवार करने पर होगी इंग्लैंड की निगाह

वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया व इंग्लैंड के लिए परिस्थितियां बिल्कुल जुदा हैं। जहां ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए मजबूती से आगे बढ़ रही है, इंग्लैंड निचले पायदान पर है।

अब शनिवार को एशेज सीरीज की दोनों पुरानी प्रतिद्वंद्वी टीमें आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड पलटवार करना चाहेगी। पांच बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया ने अपनी बल्लेबाजी से लगातार चार जीत से अपने खराब अभियान को पटरी पर ले आई है। वह आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।

गत विजेता इंग्लैंड को अपने बल्लेबाजों की विफलता की वजह से चार हार मिली और टीम पिछले तीन मैचों में 170 रन या इससे कम के स्कोर पर आउट हो गई। इस मैच से पहले दोनों टीम अलग-अलग तरह की समस्याओं से जूझ रही हैं।

पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को अपने दो अहम प्लेयर्स मिशेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल की अनुपलब्धता के लिए विकल्प ढूंढने होंगे।

मार्श को निजी कारण से स्वदेश लौटना पड़ा तो मैक्सवेल को गोल्फ कार्ट से गिरने से ‘कनकशन’ (सिर में चोट) हो गया। इनकी अनुपस्थिति में कैमरन ग्रीन और मार्कस स्टोइनिस के शनिवार को टीम में शामिल होने की संभावना है।

इंग्लैंड ने जीत की कोशिश में सभी संयोजन आजमाए जिससे शनिवार के मैच के लिए भी उनके अंतिम एकादश में बदलाव की उम्मीद है। टीम इसी स्टेडियम में शुरुआती मैच में न्यूजीलैंड से हारी थी।

हैरी ब्रुक के वापसी की उम्मीद है, चोटिल रीस टॉप्ले की जगह आए ब्राइडन कार्स के भी मैच में खेलने की उम्मीद है। इंग्लैंड को 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदों को जीवंत बनाए रखने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।

वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें नौ बार आमने-सामने आई हैं। छह मैच ऑस्ट्रेलिया और तीन मैच इंग्लैंड ने जीते हैं। ओवरऑल वनडे रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच 155 मैच हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 87 और इंग्लैंड ने 63 मैच खेले हैं। दो मैच टाई और तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।

संभावित प्लेइंग इलेवन

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड

इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), मोईन अली, लियाम लिविंगस्टोन, क्रिस वोक्स, डेविड विली, आदिल राशिद, मार्क वुड