Trending

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार आठवीं जीत पर होगी भारत की नजर

वनडे वर्ल्ड कप में भारत का आठवां मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ है। इस मैच में टीम इंडिया जीत दर्ज कर अपना विजय रथ जारी रखते हुए लगातार आठवीं जीत दर्ज करना चाहेगी।

दक्षिण अफ्रीका की कोशिश जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने की होगी। दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं, दोनों के बीच जंग खुद को बेहतर टीम साबित करने की होगी। स्टार भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पूरे वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं और भारत के लिए यह खबर चिंता बढ़ाने वाली है।

हार्दिक बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोटिल हुए थे और उनके जाने के बाद टीम में जगह बनाने वाले मोहम्मद शमी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। तीन मुकाबलों में 14 विकेट लेकर शमी भारतीय गेंदबाजी की जान बने हुए हैं, टीम इंडिया का संतुलन ठीक नहीं है।

मौजूदा समय में भारत छह बल्लेबाज और पांच गेंदबाजों के साथ खेल रही है। ऐसे में किसी मैच के दौरान किसी भी गेंदबाज को चोट लगने पर या किसी गेंदबाज का खराब दिन होने पर भारत मुश्किल में फंस सकता है।

वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में छठे गेंदबाज का होना काफी जरूरी है। ऐसे में रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ टीम में बदलाव करने के बारे में सोच सकते हैं। टीम इंडिया में सिर्फ श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है।

इनके बाहर जाने पर रविचंद्रन अश्विन या शार्दुल ठाकुर को अवसर मिल सकता है। ये दोनों गेंदबाजी के साथ थोड़ी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

मध्यक्रम में ईशान किशन को भी अवसर मिल सकता है। क्योंकि भारत सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और ईशान को भी टीम मैनेजमेंट अवसर देना चाहेगा। जरूरत पड़ने पर वह सेमीफाइनल और फाइनल मैच से पहले लय में रहें।

मैच से पहले कोच राहुल द्रविड़ ने बोला कि जरूरत पड़ने पर रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और विराट कोहली गेंदबाजी कर सकते हैं। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि वह टीम में कोई बदलाव करने के मूड में नहीं हैं।

दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो नीदरलैंड के खिलाफ चौकाने वाली हार के बाद यह टीम लगातार चार मैच जीत चुकी है। अफ्रीकी टीम संतुलित है और अपने विजयी दल के साथ छेड़छाड़ नहीं करना चाहेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम में किसी बदलाव की संभावना नहीं है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज

दक्षिण अफ्रीकाः क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, गेराल्ड कोइत्जी, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी