अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सुनील नारायण का संन्यास, इंस्टाग्राम पोस्ट से दी जानकारी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से वेस्टइंडीज के दिग्गज स्पिनर सुनील नारायण ने संन्यास लेने का ऐलान किया। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2012 जीतने वाली वेस्टइंडीज के सदस्य रहे नारायण ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच अगस्त 2019 में प्रोविडेंस में भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के रूप में खेला था।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘मुझे अंतिम बार वेस्टइंडीज की तरफ से खेले चार वर्ष से ज्यादा समय हो गया, आज मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं।

उन्होंने कहा, ‘‘सार्वजनिक तौर पर मैं कम बोलने वाला व्यक्ति हूं, निजी तौर पर कुछ ऐसे लोग हैं जिन्होंने मेरे पूरे करियर में मुझे अटूट समर्थन दिया है और वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करने के मेरे सपने को साकार करने में मेरी मदद की है। मैं आपके प्रति आभार जाहिर करता हूं।
शीर्ष स्तर के क्रिकेट से संन्यास लेते हुए उन्होंने अपने परिवार, विशेषकर पिता और आसपास के अन्य लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, ‘‘मैं क्रिकेट वेस्टइंडीज, कोचिंग स्टाफ, उत्साही वेस्टइंडीज फैन्स और निश्चित रूप से अपने साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने मुझे सभी फॉर्मेट में उच्चतम स्तर पर खेलने में सक्षम बनाया और कुछ यादगार प्रदर्शन किया।

नारायण सुपर50 कप टूर्नामेंट में त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए खेल रहे हैं, उन्होंने कहा कि यह उनकी अंतिम लिस्ट ए टूर्नामेंट होगी। नारायण ने कहा कि वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट से खेल से अपना जुड़ाव जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘कहने की जरूरत नहीं है कि निकट भविष्य में मैं फ्रैंचाइजी क्रिकेट में खेलता रहूंगा।
नारायण भंग हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 में 2011 के दौरान त्रिनिदाद के लिए खेलते हुए सुर्खियों में आए थे। वह तुरंत आकर्षण का केंद्र बन गए क्योंकि वह स्किडर, नकलबॉल, कैरम बॉल सहित कई प्रकार की गेंदबाजी कर सकते थे। उन्होंने 2011 में अहमदाबाद में भारत के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच के वेस्टइंडीज की ओर से डेब्यू किया।

नारायण ने वेस्टइंडीज के लिए 65 वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 92 विकेट झटके। उन्होंने छह टेस्ट और 51 टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करते हुए क्रमश: 21 और 52 विकेट झटके।
वह आईपीएल में 2011 से कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं और दुनिया भर की टी20 लीग में उनकी काफी मांग है। उनकी गेंदबाजी विवाद का भी हिस्सा रही।
उन्हें गेंदबाजी एक्शन में त्रुटि की वजह से कई बार निलंबित भी किया गया। वह अपने गेंदबाजी एक्शन में सुधार के साथ खेलना जारी रख पाने में सफल रहे। उन्होंने टी20 लीग में अपनी बल्लेबाजी से भी प्रभावित किया और वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में पारी का आगाज भी करते हैं।