Trending

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव स्मिथ को बार-बार आ रहे चक्कर

वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचने से एक जीत दूर ऑस्ट्रेलियाई टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ अपने अगले मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है।

टीम के स्टार प्लेयर स्टीव स्मिथ वर्टिगो से पीड़ित हैं। उन्होंने इस मैच से पहले खुलासा किया कि उन्हें बार-बार चक्कर आ रहे हैं जिससे वह परेशान हैं। ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच वर्ल्ड कप का 39वां मैच कल यानी 7 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।

अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच से पहले स्मिथ ने कहा ‘पिछले एक-दो दिन में मुझे थोड़े से चक्कर आ रहे हैं, यह थोड़ा परेशान करने वाला है। उम्मीद है कि मैं आज ट्रेनिंग कर सकूंगा और अच्छा हो जाऊंगा। हां, अभी इससे पीड़ित होने की यह अच्छी जगह नहीं है।

जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्मिथ से पूछा गया कि वह क्या कल अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने इसके जवाब में कहा कि वह ट्रेनिंग सेशन के बाद इसका फैसला करेंगे।

उन्होंने कहा ‘कभी-कभी, मेरे पास कुछ एपिसोड होते हैं, इसलिए मैं आपको बता सकता हूं कि यह सबसे मजेदार जगह नहीं है, लेकिन हां, मैं बाहर जाऊंगा और प्रैक्टिस करूंगा और उम्मीद है कि ठीक हो जाऊंगा। इसके बाद हम देखेंगे कि हम कैसे आगे बढ़ते हैं।

ऑस्ट्रेलिया इस समय प्लेयर्स की चोट और अनुउपलब्धता से परेशान है। मैक्सवेल कन्कशन के चलते इंग्लैंड के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए, मिचेल मार्श निजी कारणों के चलते घर लौट गए हैं। दोनों खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।